माल्या के बयान पर विवाद, भाजपा ने कांग्रेस के दावे की हवा निकाली

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 14 सितम्बर 2018, 7:35 PM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता पीएल पुनिया के उस बयान को नकार दिया है कि जिसमें दावा किया था कि एक मार्च को उन्होंने संसद के सेंट्रल हॉल में वित्त मंत्री अरुण जेटली को माल्या के साथ बैठकर बात करते हुए देखा था। भाजपा ने बताया कि अरुण जेटली एक मार्च को संसद के सेंट्रल हॉल में गए ही नहीं थे।

मिली जानकारी के अनुसार, एक मार्च को अरुण जेटली सुबह करीब 10 बजे संसद पहुंच गए। वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए आए थे। इसके बाद वे एक घंटे तक चले शून्य काल में शामिल होने के लिए 11 बजे राज्यसभा पहुंच गए। इसके बाद 12 बजकर 17 मिनट पर हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित हो गई। कार्यवाही के स्थगित होने के बाद वे अपने कमरे में चले गए। इस बीच रास्ते में उनकी मुलाकात माल्या से हो गई। इसके बाद जेटली अपने कमरे में पहुंचे और वहां आए आगंतुकों से मुलाकात की। इसके बाद 12 बजकर 45 मिनट पर वो अपने कमरे से विज्ञान भवन के लिए रवाना हो गए।

इस दौरान वे सेंट्रल हॉल गए नहीं और विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में वे 2 बजे तक थे। उधर, कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने इसके बिलकुल उलट दावा किया है कि अरुण जेटली सरासर झूठ बोल रहे हैं, स्वयं ने सेंट्रल हॉल में उन्हें माल्या के साथ बैठक करते हुए देखा था। ये बैठक माल्या के लंदन के लिए जाने से दो दिन पहले हुई थी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे