उप्र : छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत, प्रेमी ने भी दी जान

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 11 सितम्बर 2018, 11:18 PM (IST)

फर्रुखाबाद । उत्तर प्रदेश के फरुर्खाबाद जिले के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में कथित प्रेमी युगल की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। जहां मृतका का शव खेत में पड़ा मिला। उसके गले में रस्सी कसने के निशान पाए गए हैं। वहीं प्रेमिका की मौत की खबर मिलने पर युवक ने भी खेत में ही जहर खाकर जान दे दी है।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उधर, किशोरी की मां ने युवक पर दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। इस वारदात के बाद से पूरे इलके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नकटपुर में रहने वाले रामतीर्थ (23) पुत्र छक्कू लाल राजपूत का उसी गांव की छात्रा से कथित तौर पर प्रेम प्रसंग था। परिजनों को उनके रिश्ते के बारे में पता चला तो उनके मिलने पर बंदिश लगा दिया गया था। यही नहीं, छात्रा के पिता ने उसके लिए वर खोजना शुरू कर दिया था।

सोमवार को छात्रा के पिता उसके विवाह के लिए लड़का देखने गए थे। छात्रा देर रात शौच के लिए निकली, पर लौटी नहीं। परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह आरती का शव एक खेत में पड़ा मिला। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। बताया जा रहा है कि छात्रा के गले में रस्सी के भी निशान पाए गए।

उधर, आरती की मौत की खबर मिलने पर रामतीर्थ ने भी जहां से छात्रा का शव मिला, उस खेत के करीब जाकर जहर खा लिया। उसकी तबीयत बिड़गने की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने यूपी 100 को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस ने युवक को सीएचसी भेजा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उधर किशोरी की मां ने युवक पर दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है।

प्रभारी निरीक्षक अनूप निगम ने बताया कि जांच की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे