निशानेबाजी विश्व कप : गुरनिहाल सिंह ने स्कीट जूनियर में जीता कांस्य

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 11 सितम्बर 2018, 1:36 PM (IST)

चांगवान (दक्षिण कोरिया)। भारत के निशानेबाज गुरनिहाल सिंह गारचा ने मंगलवार को यहां जारी 52वें आईएसएसएफ विश्व कप में पुरुषों की स्कीट जूनियर स्पर्धा का कांस्य पदक अपने नाम किया। गुरनिहाल ने फाइनल स्पर्धा में 46 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। भारत के 19 वर्षीय निशानेबाज के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने इस स्पर्धा के क्वालिफिकेशन में दूसरे दिन छठा स्थान हासिल कर फाइनल स्पर्धा के लिए क्वालीफाई किया। इस स्पर्धा में शामिल एक अन्य निशानेबाज आयूष रुद्राराजू क्वालिफिकेशन में सातवें स्थान पर रहे और इस कारण फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए। इटली के एलिया रुकिओली ने 55 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहकर स्वर्ण पदक जीता, वहीं अमेरिका के निक मोसेट ने 54 अंक हासिल कर रजत पदक पर कब्जा किया।

भारत इस विश्व कप में अब तक 22 पदक (7 स्वर्ण, 8 रजत, 7 कांस्य) जीत चुका है और तालिका में चौथे स्थान पर है। गुरनिहाल ने आज ही अनंतजीत सिंह नरुका व आयूष रुद्राराजू के साथ मिलकर स्कीट टीम इवेंट में रजत पदक पर निशाना साधा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

भारतीय टीम ने फाइनल स्पर्धा में कुल 355 अंक हासिल किए। फाइनल में गुरनिहाल ने 119, आयुष वे 119 और अनात सिंह ने 117 अंक हासिल किए। ऐसे में भारत ने कुल 355 अंक हासिल करने के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया और रजत पदक पर कब्जा जमाया।

इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चेक गणराज्य की टीम को हासिल हुआ। चेक गणराज्य ने कुल 356 अंकों के साथ पहले स्थान पर कब्जा जमाया। इटली की टीम ने कुल 354 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।


ये भी पढ़ें -
शनाका ने गेंदबाजी नहीं बल्लेबाजी में किया कमाल, श्रीलंका जीता