सैफ कप : मालदीव को हरा सेमीफाइनल में पहुंचा चैंपियन भारत

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 10 सितम्बर 2018, 1:09 PM (IST)

ढाका। भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम ने यहां सैफ कप के अपने दूसरे मैच में मालदीव को 2-0 से हराकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। बंगबंधु स्टेडियम में रविवार को खेले गए ग्रुप-बी के इस मैच में भारतीय टीम के लिए निखिल पुजारी और मनवीर सिंह ने गोल किए। मौजूदा चैंपियन भारत ने मैच की शुरुआत से ही दमदार प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम के डिफेंस पर दबाव बनाया।

लगातार आक्रमण का फल भारत को 36वें मिनट में मिला और पुजारी ने कलात्मक खेल दिखाते हुए अपनी टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद, भारतीय खिलाडिय़ों का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने गेंद पर अधिक समय तक नियंत्रण रखते हुए विपक्षी टीम को आक्रमण का मौका नहीं दिया।

मैच के 44वें मिनट में मालदीव के खिलाड़ी ने बॉक्स के पास गलती की और मनवीर ने मौके को भुनाते हुए भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा देखने को मिला, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में कामयाब नहीं हो पाई। सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला बुधवार को पाकिस्तान से होगा।

मुंबई सिटी एफसी ने दूसरा प्री-सीजन मैच जीता

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

थाईलैंड। मोदोउ सूउगो के चार गोलों की बदौलत इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) क्लब मुंबई सिटी एफसी ने नए सीजन के आगाज से पहले यहां रविवार को लामपांग एफसी को 6-2 से करारी शिकस्त दी। फ्रेंच क्लब ओलम्पिक डी मार्सिले के पूर्व खिलाड़ी सूउगो ने 14वें मिनट में मुंबई के लिए अपना पहला गोल दागा। पहला हाफ समाप्त होने से पहले राफेल बास्तोस ने गोल करके मुंबई की बढ़त को दोगुना कर दिया। दूसरे हाफ में भी मुंबई ने अपने आक्रामक खेल को जारी रखा।

53वें मिनट में सूउगो ने मैच का अपना दूसरा गोल किया। इसके कुछ मिनट बाद सूउगो ने अपनी हैट्रिक पूरी की। थाईलैंड की लीग-2 में खेलने वाले लामपांग एफसी ने 63वें मिनट में मैच का पहला गोल किया। लामपांग की यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी और सूउगो ने 25 गज की दूरी से मैच का चौथा गोल दागा। मुंबई 5-1 की बढ़त बनाने के बाद भी नहीं रुकी और प्रांजल भूमजी ने गोल करके स्कोर 6-1 कर दिया। लामपांग के लिए दूसरा गोल चोक ने दागा।

ये भी पढ़ें - टेस्ट सीरीज से बाहर हुए कमिंस व हैजलवुड, ये ले सकते हैं जगह