मोदी ने कांग्रेस को बताया बोझ,महागठबंधन की नीति अस्पष्ट, नियत भ्रष्ट

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 09 सितम्बर 2018, 5:56 PM (IST)

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भाजपा के विचार,संस्कार और भाजपा के नेतृत्व को एक नई ऊंचाई दी है। उन्होंने कहा कि आज हमारा सूरज तो चला गया लेकिन हम जो सितारें हैं वो इतना चमके की विचारधारा के प्रकाश को आगे बढाएं। यह बात मोदी ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन रविवार को सम्बोधित करते हुए कही।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि हम सत्ता को कुर्सी के रूप में नहीं देखते बल्कि सत्ता को जनता के बीच में काम करने का उपकरण समझते हैं। जो लोग एक-दूसरे को देख नहीं सकते, एक साथ चल नहीं सकते आज वो गले लगने को मजबूर हैं। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उनके महागठबंधन में नेतृत्व का पता नहीं, नीति अस्पष्ट है और नियत भ्रष्ट है। कांग्रेस को बोझ बताया। मोदी ने कहा कि हम विकास मानवीयता के साथ चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हम देश का वैभव चाहते हैं लेकिन सादगी के धरातल पर।



विपक्षी पास नहीं है कोई नेता, नीति व नजरिया

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने एक राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें 2014 के मुकाबले बड़े जनादेश के साथ 2019 में फिर से सत्ता में वापसी का संकल्प लिया गया। भाजपा ने कहा कि विपक्ष के पास कोई नेता, रणनीति व नजरिया नहीं है, जबकि सत्तारूढ़ पार्टी के पास इन चीजों की कमी नहीं है। मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि प्रस्ताव केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह द्वारा पेश किया गया, जिसमें 2022 तक ‘न्यू इंडिया’ बनाने का संकल्प लिया गया और इसे राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

जावड़ेकर ने राजनाथ सिंह के हवाले से कहा कि आज हमारे पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का नेतृत्व है। इसी वजह से भाजपा 19 राज्यों में शासन कर रही है। हमारे पास 350 से अधिक सांसद और 1,500 विधायक हैं। इसके अलावा हम हर स्थानीय निकाय और नगर पालिकाओं में मौजूद हैं। हमें 2019 में भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौटने का विश्वास है। विपक्षी पार्टियों पर एक बड़ा गठबंधन बनाने के प्रयासों को लेकर हमला करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि उनका एकमात्र एजेंडा मोदी को रोकना है और उस प्रयास के जरिए वे नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं।

विपक्षी पार्टियां सत्ता में आने के सपने देख रही हैं। उनके पास कोई नेता, नीति, रणनीति व नजरिया नहीं है। वे निराश हैं और इस वजह से वे नकारात्मक राजनीति कर रही हैं। लेकिन हमारे पास एक नेता है, जिसके पास नजरिया, जोश व कल्पनाशीलता है। उन्होंने कहा कि उनका (विपक्षी पार्टियों) एकमात्र एजेंडा मोदी को रोकना है। भाजपा सरकार के तहत सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (अफस्पा) को त्रिपुरा, मेघालय से हटाया गया है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे