इनेलो के बंद की निकली हवा, एसवाईएल पर इनेलो का ढोंग रहा नाकामयाब

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 08 सितम्बर 2018, 6:08 PM (IST)

चंडीगढ़ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि प्रदेश की जनता बार-बार इनेलो को नकार रही है। उन्होंने कहा कि एसवाईएल के मुद्दे पर हरियाणा के किसान वर्ग को दशकों से धोखा दे रहे इस परिवार से जनता थक चुकी है और इसका उदाहरण इनेलो के एसवाईएल पर नहर खोदो अभियान, जेल भरो आंदोलन और हरियाणा बंद का फ्लाप रहना है।


यहां इनेलो के एसवाईएल मुद्दे पर हरियाणा बंद के आह्वान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि उनका बंद आह्वान पूरी तरह से फ्लाप रहा है, क्योंकि जनता उन्हें सिरे से खारिज कर चुकी है। उन्होंने कहा कि एसवाईएल का पानी हरियाणा के किसानों को देने के नाम पर अपनी राजनीति को सींच रहे चौटाला परिवार के धोखों से प्रदेश की जनता आजिज आ चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 मेें प्रेजिडेंशियल रेफरेंस के लिए संवैधानिक पीठ का गठन नहीं करने और इससे पूर्व भी सत्ता में रहते इनेलो ने इस मुद्दे पर पंजाब से अपना हक मांगने की बजाय पंजाब के हाथों में खेलकर हरियाणा की जनता के साथ विश्वासघात किया है।


बराला ने कहा कि शनिवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जनप्रतिनिधियों द्वारा गली-गली घूमने के बाद भी दुकानें बंद नहीं हुई और न ही उनकी जबरदस्ती और गिडगिडाई करने की दुकानदारों ने कोई परवाह नहीं की। उन्होंने कहा कि इनेलो चाहे कस्सी ले जाकर पंजाब सीमा में एसवाईएल खोदने की नौटंकी करे या जेल भरो आंदोलन के नाम पर ढोंग, हरियाणा के लोगों ने उनकी असलियत से वाकिफ होकर उनको खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि एसवाईएल के मसले पर हरियाणा ने सुप्रीम कोर्ट में शीघ्र सुनवाई कराने के लिए भी याचिका दायर की है, जिसकी जल्द ही सुनवाई शुरू होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे