राजस्थान की जनता ने दे दिया है संकेत, सरकार कांग्रेस की ही बनेगी : सचिन

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 05 सितम्बर 2018, 7:49 PM (IST)

बाड़मेर/जयपुर। पहले उदयपुर, फिर बीकानेर और आज यहां जोधपुर संभाग में जिस तरह से भारी संख्या में आमजन कांग्रेस को समर्थन देने पहुंच रहे हैं यह इस बात का संकेत है कि राजस्थान की जनता ने सत्ता परिवर्तन का मन बना लिया है। दूसरी तरफ भाजपा सरकार सत्ता व प्रशासन का दुरुपयोग करके हर तरह के हथकंडे अपना रही है, लेकिन जनता उनकी सभाओं में जाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है, इसका स्पष्ट कारण है कि मुख्यमंत्री ने पिछले साढ़े चार वर्षों में जनता की सुध नहीं ली है और अब चुनावी माहौल में जनता के बीच पहुंच रही है, परंतु जनता का विश्वास भाजपा सरकार से उठ चुका है।

यह बात राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने बुधवार को बाड़मेर के पचपदरा में आयोजित संकल्प रैली में कही। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में सुराज संकल्प यात्रा के दौरान वसुंधरा राजे ने प्रदेश की जनता से जो बड़े-बड़े वादे किये थे, वे तमाम वादे कागजों और भाषणों तक ही सीमित रह गए हैं। आज जनता उनकी जवाबदेही चाहती है, परंतु वे गौरव यात्रा में व्यस्त हैं। हम जानना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री को किस बात का गौरव है। एक तरफ किसान की शवयात्रा निकल रही है, दूसरी तरफ भाजपा गौरव यात्रा निकालकर किसानों के जले पर नमक छिड़क रही है। जनता सवाल पूछ रही है और विपक्ष सरकार से प्रतिदिन प्रश्र कर रहा है, परंतु संवेदनहीन सरकार सिर्फ चुनाव प्रचार में संलग्र है।
पायलट ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता कभी भी जनता की सेवा करना नहीं रही है। अपनी जनविरोधी नीतियों के चलते इस सरकार ने जनता के हर वर्ग का शोषण किया है। भाजपा सरकार की वादाखिलाफी से आज हालात यह हो गए हैं कि जनता इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के अवसर का बेसब्री से इंतजार कर रही है। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार प्रदेश के किसानों को आत्महत्या करने पर विवश होना पड़ा है और किसानों की वेदना समझने, उन्हें सांत्वना देने और उनकी पैरवी करने वाला सरकार में कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि 15 लाख युवाओं को रोजगार देने के वादे की सच्चाई यह है कि निराश बेरोजगार सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। महिलाओं पर बढ़ता अत्याचार, दलितों पर बढ़ता उत्पीड़न और जातिवाद व धर्म के नाम पर जो जनता को आपस में लड़वाने की राजनीति भाजपा ने की है, उसने इस सरकार का असली चेहरा जनता के सामने उजागर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भले ही जनता को लुभाने के लिए प्रदेश का दौरा कर रही हों, लेकिन उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि जिस जनता ने उन्हें हवाई जहाजों में बिठाया है, वह ही जनता अब उन्हें नीचे भी उतारेगी। आज सत्ता-प्रशासन का दुरुपयोग करके वे जनता की गाढ़ी कमाई को पार्टी के प्रचार-प्रसार में बहा रही हैं, लेकिन कुछ समय बाद आचार संहिता लागू होगी और फिर देखते हैं कि किस तरह भाजपा अपनी सभाओं को सफल बनाती है। उच्च न्यायालय ने भी आज सरकारी धन से गौरव यात्रा के खर्च पर रोक लगाने का आदेश देकर जनता के हक में फैसला सुनाया है, इतना ही नहीं इससे पहले भी भाजपा सरकार ने जब भी कोई जनविरोधी फैसला लिया तो कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर जनता के हितों के लिए संघर्ष किया और भाजपा सरकार को कई जनविरोधी फैसले वापस लेने पर मजबूर किया, चाहे बिजली दरों में अप्रत्याशित वृद्धि का मामला हो या फिर मीडिया की आजादी छीनने के लिए प्रस्तावित काला कानून हो, कांग्रेस ने विरोध करके भाजपा को घुटने टेकने पर विवश किया।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

पायलट ने जनता से आग्रह किया कि प्रदेश के हालात आज हम सभी के सामने हैं और ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है क्योंकि सुख-दुख के समय जनता की निस्वार्थ भाव से सेवा करना ही कांग्रेस की विचारधारा है। पिछले साढ़े चार वर्षों में विपक्ष में होने के बावजूद भी कांग्रेस ने जनता को कभी अकेला नहीं छोड़ा और इसी का परिणाम है कि जनता के आशीर्वाद से कांग्रेस ने हर उप चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि जनता का रुझान स्पष्ट है और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते मैं आश्वस्त करता हूं कि प्रदेश की जनता ने जो विश्वास कांग्रेस में व्यक्त किया है उसका पूरा सम्मान किया जाएगा और जो सरकार कांग्रेस की बनेगी वह जनता की सरकार होगी, जिसमें आपकी पूरी-पूरी भागीदारी होगी।

ये भी पढ़ें - खौफ में गांव के लोग, भूले नहीं करते ये काम

संकल्प रैली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मारवाड़ की जनता ने हमेशा से ही कांग्रेस पार्टी को भरपूर प्रेम और समर्थन दिया है और आज यहां जो विशाल जनसमूह उमड़ा है, उसे देखकर मैं आश्वस्त हो गया हूं कि इस झूठे वादों की भाजपा सरकार को मारवाड़ की जनता साफ कर देगी और ये ही संकल्प आज हमें यहां से लेकर जाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गत कांग्रेस सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को ठप कर जनता के हितों के साथ समझौता किया है।

ये भी पढ़ें - यहां मुस्लिम है देवी मां का पुजारी, मां की अप्रसन्नता पर पानी हो जाता है लाल

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस की सभाओं में उमड़ता जन सैलाब और दूसरी ओर भाजपा सरकार के खाली पंडाल सत्ता परिवर्तन के संकेत दे रहे हैं। इस बात में कोई संदेह नहीं है कि प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार के कुशासन को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है और हमें संकल्प लेना है कि हम जनता को इस जनविरोधी भाजपा सरकार से मुक्ति दिलाकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में एक बेहतर सरकार का विकल्प देकर कांग्रेस को मजबूत करेंगे।

ये भी पढ़ें - खौफ में गांव के लोग, भूले नहीं करते ये काम

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. सी.पी. जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार को प्रदेश की जनता ने सेवा का सुनहरा अवसर दिया था, लेकिन यह सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से जो वादे किए थे, उनमें से आज तक एक भी वादा पूरा नहीं किया है और इसलिए जनता को अहसास हो गया है कि भाजपा को चुनकर उन्होंने बहुत बड़ी गलती की है।
रैली को नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव मोहन प्रकाश, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सहप्रभारी विवेक बंसल सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।

ये भी पढ़ें - यहां मुस्लिम है देवी मां का पुजारी, मां की अप्रसन्नता पर पानी हो जाता है लाल