मोदी बोले, अनुशासन पालन कराने वाले को तानाशाह पद से नवाजा

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 02 सितम्बर 2018, 4:11 PM (IST)

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार कांग्रेस को निशाना बनाए हुए हैं । शनिवार को इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के उद्घाटन पर भी कांग्रेस के शासन व्यवस्था की खामियाओं को गिनाया गया था। इसी के नए चरण में रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने इशारों ही इशारों में कांग्रेस को निशाना बनाते हुए कहा कि अनुशासन की बात कीजिए तो आजकल आपको अलोकतांत्रिक, तानाशाह पद से नवाज दिया जाता है।

उपराष्ट्रपति की प्रशंसा करते हुए मोदी ने कहा कि नायडू अनुशासन का पालन करने वाले व्यक्ति हैं। सदन जब ठीक से चलता है तो चेयर पर कौन बैठा है, उसमें क्या क्षमता है, क्या विशेषता है, उस पर ज्यादा ध्यान नहीं जाता है। सदस्यों के विचार ही आगे रहते हैं, लेकिन जब सदन नहीं चलता है तो चेयर पर जो व्यक्ति होता है उसी पर ध्यान रहता है। वह कैसे अनुशासन ला रहे हैं, कैसे सबको रोक रहे हैं और इसलिए गत वर्ष देश को वेंकैया नायडू को निकट से देखने का सौभाग्य मिला।

उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू ने कहा कि किताब लिखने का विचार सरकार के कार्यों में पारदर्शिता दर्शाने का था। नायडू ने कृषि क्षेत्र पर ज्यादा ध्यान देने का आग्रह किया और कहा कि आयातित उत्पादों पर निर्भर होने के बजाय लोगों को अपने देश की मिट्टी में उत्पन्न किए उत्पादों को अपनाना चाहिए। नायडू ने अपनी किताब ‘मूविंग ऑन मूविंग फॉरवर्ड : ए ईयर इन ऑफिस’ पर कहा कि इस किताब का विचार लोगों को एक रिपोर्ट प्रस्तुत करना था क्योंकि मेरा मानना है कि सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता व जवाबदेही होनी चाहिए। इस मौके पर एच.डी देवेगौड़ा व मनमोहन सिंह व लोकसभा की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली आदि मौजूद थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे