न्यायाधीश रंगन गोगोई होंगे सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 01 सितम्बर 2018, 7:55 PM (IST)

नई दिल्ली। न्यायाधीश रंजन गोगोई सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बनेंगे। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस दीपक मिश्रा उनके नाम की सिफारिश सरकार को भेज दी है। सूत्रों का कहना है कि जस्टिस गोगोई 3 अक्टूबर को शपथ ले सकते हैंं। इसके बाद उनका कार्यकाल 17 नवंबर 2019 तक रहेगा। जस्टिस रंजन गोगोई का देश का अगला मुख्य न्यायाधीश बनना लगभग तय माना जा रहा था। परंपरा के अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय के सबसे सीनियर न्यायाधीश को भारत का मुख्य न्यायाधीश बनाया जाता है। ऐसे में वरिष्ठता के आधार पर जस्टिस गोगोई का नाम सबसे आगे है।

जस्टिस रंजन गोगोई को 28 फरवरी, 2001 में गुवाहाटी उच्च न्यायालय का जज बनाया गया था। इसके बाद 12 फरवरी, 2011 को उन्हें पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायधीश बनाया गया। इसके बाद अप्रेल 2012 में उन्हें सुप्रीम कोर्ट में लाया गया। जस्टिस गोगोई असम के रहने वाले हैं। वह इस समय एनसीआर (नैशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन) अपडेट करने की प्रक्रिया की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। गत वर्ष सर्वोच्च न्यायालय की प्रणाली पर सवाल उठाने वाले जजों में जस्टिस रंजन गोगोई भी शामिल थे। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के प्रशासन और न्यायपालिका की स्वतंत्रता पर सवाल दागे थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे