दूसरे विश्व युद्ध का मिला 500 KG का बम, देखते ही किया ये काम

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 30 अगस्त 2018, 2:37 PM (IST)

नई दिल्ली। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान लाखों लोगों की जान चली गई थी। इस युद्ध से जुड़े चीजें आज भी दुनिया के कई देशों में मिल जाती है। हाल ही में जर्मनी के लुडविंगशेफन शहर में द्वितीय विश्वयुद्ध का एक बम मिला। बम मिलने की खबर से इलाके में हडक़ंप मच गया और जिसे देखकर लगभग 18500 लोगों की आबादी को इलाके से फौरन खाली करा लिया गया। जानकारी के मुताबिक इस बम का वजन भी लगभग 500 किलोग्राम है और यह देखने में काफी विशाल है।

इसे अमेरिकी सेना द्वारा यहां छोड़ा गया था। हालाकि इस बम को इलाका खाली कराने के बाद डिफ्यूज कर दिया गया है। जिसके बाद अधिकारियों ने कहा है कि ‘अच्छी खबर यह है कि बम को सफलतापूर्वक डिफ्यूज कर लिया गया है, अब सभी लोग अपने घरों को लौट सकते हैं।’

इस बम के खतरनाक होने का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके मिलने के बाद आस पास के 1000 मीटर के दायरे को सुबह के करीब 6 बजे खाली करा दिया गया था। जिसके बाद इसे डिफ्यूज करने का काम किया गया।

बताते चलें कि फ्रांस और जर्मनी में द्वितीय विश्व युद्ध के समय के बम मिलना आम बात है, इन दोनों देशों में ऐसे मौके कई बार आए हैं, जब यहां विशालकाय बम मिले हों। पिछले साल ही फ्रैंकफर्ट में 60 हजार लोगों को हटाकर 1.8 टन का ब्रिटिश बम डिफ्यूज किया गया था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे