एशियाई खेल (एथलेटिक्स) : दुती ने 200 मीटर स्पर्धा में भी जीता रजत

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 29 अगस्त 2018, 5:48 PM (IST)

जकार्ता। भारत की महिला धावक दुती चंद ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के 11वें दिन बुधवार को 200 मीटर स्पर्धा में रजत पदक जीता। दुती ने फाइनल में 23.20 सेकेंड का समय निकालते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। इन खेलों में दुती का यह दूसरा रजत पदक है।

इससे पहले उन्होंने 100 मीटर स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया था। बहरीन की इडीडोंग ओडियोंग ने 22.96 सेकेंड में रेस पूरी की और पहले पायदान पर रहते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। चीन की योंगली वेई ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने 23.27 सेकेंड का समय निकालते हुए पदक अपने नाम किया।

1500 मीटर के फाइनल में मंजीत, जॉनसन

जकार्ता|
भरतीय धावक मंजीत सिंह और जिनसन जॉनसन ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के 11वें दिन क्वालीफिकेशन दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। मंजीत सिंह ने बुधवार को हीट-1 में तीन मिनट 50.59 सेकेंड का समय निकाला जबकि जिनसन ने तीन मिनट 46.50 सेकेंड में रेस पूरी करते हुए फाइनल में जगह बनाई।

मंगलवार को हुए 800 मीटर स्पर्धा के फाइनल की तरह मंजीत ने इस रेस में भी धीमी शुरुआत की लेकिन अंतिम क्षणों में उन्होंने अपनी रफ्तार बढ़ाई और पहले पायदान पर रहे। दूसरी ओर, जिनसन रेस की शुरुआत से ही लय में नजर आए और अंतिम क्षणों में अधिक तेजी दिखाते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे