पूर्व मंत्री शैलेंद्र जोशी की कांग्रेस में वापसी, दौसा में बिगड़ेगा 'गणित'!

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 29 अगस्त 2018, 4:52 PM (IST)

जयपुर। पूर्व मंत्री शैलेन्द्र जोशी की कांग्रेस में घरवापसी हो गई है। पीसीसी मुख्यालय में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने उन्हें सदस्यता ग्रहण करवाई। पूर्व मंत्री शैलेंद्र जोशी ने करीब 10 साल पहले कांग्रेस छोड़ दी थी और भाजपा में शामिल हो गए थे। 10 साल बाद उन्होंने घर वापसी करते हुए वापस कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। जोशी अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने उन्हें सदस्यता ग्रहण कराई। जोशी के समर्थकों ने भी इस अवसर पर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व मंत्री शैलेन्द्र जोशी के कांग्रेस में शामिल होने के अवसर पर पीसीसी में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के साथ विधायक भंवरलाल शर्मा, पूर्व मंत्री मुरारीलाल मीणा, ममता भूपेश सहित दौसा जिले के कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

सदस्यता ग्रहण करने के बाद शैलेंद्र ने कहा- मैंने बिना शर्त कांग्रेस ज्वॉइन की है, कांग्रेस से मेरे मतभेद थे लेकिन मनभेद कभी नहीं रहे, पार्टी ने टिकट दिया तो बांदीकुई से चुनाव लड़ूंगा।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

दौसा में राजनीति के बदलेंगे समीकरण

शैलेन्द्र जोशी के कांग्रेस में शामिल होने के बाद अब आगामी चुनाव में दौसा जिले के सियासी समीकरण बिगड़ सकते हैं। शैलेन्द्र जोशी पहले कांग्रेस छोड़ बीजेपी में गए थे और फिर बीजेपी छोड़ राजपा में शामिल हुए थे। जोशी पिछले विधानसभा चुनाव में राजपा के टिकट पर बांदीकुई से चुनाव लड़े चुके हैं। इससे पहले दो बार बांदीकुई से शैलेंद्र कांग्रेस की टिकट पर विधायक रह चुके हैं। बता दें कि शैलेन्द्र के पिता बीएन जोशी भी चार बार विधायक रहे थे।


ये भी पढ़ें - यहां मुस्लिम है देवी मां का पुजारी, मां की अप्रसन्नता पर पानी हो जाता है लाल