चंडीगढ़। हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी राज्य मंत्री
डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि राज्य में थर्मल प्लांटस, उद्योगों, कृषि,
बागवानी इत्यादि क्षेत्रों में, जहां बहुत अधिक मात्रा में पानी का उपयोग
होता है, को रियूज ट्रीटीड वाटर की आपूर्ति की जाएगी, जिससे पीने के पानी
की बचत होगी। इस योजना के लिए जल्द रियूज ट्रीटीड वाटर पॉलिसी तैयार कर इसे
अमल में लाया जाएगा।
डॉ. बनवारी लाल आज यहां राज्य के
ग्रामीण क्षेत्रों में सीवरेज प्रणाली को सफल बनाने हेतु प्रयास पर आयोजित
कार्यशाला में बोल कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि राज्य
सरकार द्वारा हरियाणा की स्वर्णजयंती के अवसर पर महाग्राम योजना की शुरूआत
की गई। इस योजना के तहत गांवों में सीवरेज की सुविधा प्रदान करना मुख्य
लक्ष्य है। अभी महाग्राम योजना के तहत सीवरेज की सुविधा उन गांवों में
मुहैया करवाई जा रही है जिनकी जनसंख्या जनगणना 2011 के अनुसार 10,000
व्यक्ति से अधिक है। हरियाणा राज्य में 10 हजार से अधिक जनसंख्या वाले 116
गांव है और इन गांवों में से 9 गांव प्रथम चरण मे शामिल किए गए है जिन पर
कार्य प्रगति में है। द्वितिय चरण में 11 ओर गांवों को शामिल किया गया है,
जिन पर तकनीकी प्रस्ताव व विस्तृत परियोजना रिर्पोट स्वीकृत हो चुकी है।
इसके अतिरिक्त तृतीय चरण में 37 गांव शामिल है जिनकी विस्तृत परियोजना
रिर्पोट को बनाने का कार्य चल रहा है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि जनस्वास्थ्य
अभियांत्रिकी विभाग गांवों व शहरों में पानी की सप्लाई को सुचारू रूप से
चला रहा है तथा पानी की सुविधा की बढोतरी हेतु कई कार्य किये जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 53 मलजल उपचार संयंत्र बना कर चालू कर दिये गए हैं और 20
मलजल उपचार संयंत्र बनाने का कार्य आरम्भ कर दिया गया है।
जनस्वास्थ्य
अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने कहा कि
आज हरियाणा में 3 हजार एमएलडी पीने के पानी की आवश्यकता है और ट्रीटमेंट
प्लांट की क्षमता 1200 से 1500 एमएलडी है, यानी पीने के पानी का लगभग 50
प्रतिशत ट्रीटिड पानी उपलब्ध है। इसलिए ट्रीटिड पानी का उपयोग यदि बड़े
उद्योगों, निर्माण कार्यों और थर्मल प्लांटों में किया जाए तो पीने के पानी
की बहुत बड़ी मात्रा में बचत होगी।
उन्होंने बताया कि सीवर
लाइनों या मेन हॉल में सफाई करने के दौरान सीवरमैंनों की होने वाली दुखद
मृत्यु को रोकने के लिए राज्य सरकार द्वारा 500 सीवरमैनों को गहन प्रशिक्षण
दिया गया है, जिसमें उन्हें सफाई के दौरान सुरक्षा उपायों का ध्यान रखने
का प्रशिक्षण दिया है। इसके साथ ही सुरक्षा उपकरण भी दिए गए हैं, जिसे सीवर
लाइनों या मेन हॉल में सफाई करने के दौरान प्रयोग में लाया जाता है।
सिंचाई
एवं जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव अनुराग रस्तगी ने कार्यशाला में
अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के पानी
को रियुज करने की ओर बहुत तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि
गुरुग्राम में एसटीपी के सफल क्रियान्वयन के बाद शाहबाद, लाडवा और पेहवा
में 3 ओर पायलट प्रोजेक्ट पूरे किये गए हैं, जिनमें सोलर पम्पिंग सिस्टम
लगाया गया है। इन तीनों प्लांटों से अक्टूबर माह तक सिंचाई के लिए पानी
लेना शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में एसटीपी लग
रहे हैं, जिससे सिंचाई के लिए एसटीपी द्वारा ट्रीटीड पानी का उपयोग किया
जाएगा और साफ व पीने के पानी की बचत होगी।
शहरी स्थानीय निकाय
विभाग के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण ने कार्यशाला में कहा कि हरियाणा
सरकार का लक्ष्य शहरों व ग्रामीण क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत
करना तथा हर घर को सीवरेज का कनेक्शन देना है। उन्होंने बताया कि केंद्र
सरकार द्वारा हाल ही में दिशा-निर्देश जारी किये गए हैं कि राज्यों में चल
रहे सभी थर्मल प्लांट एसटीपी से बाहर निकलने वाले पानी का ही उपयोग करें।
हरियाणा सरकार ने इस पर कार्य आरंभ कर दिया है और जल्द ही राज्य में भी इसे
लागू कर दिया जाएगा।