पूर्व PM मनमोहन सिंह ने PM नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिख की यह अपील

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 27 अगस्त 2018, 12:23 PM (IST)

नई दिल्ली। पिछले दिनों कुछ मीडिया रिपोट्र्स में दावा किया गया था कि केंद्र सरकार राजधानी स्थित तीन मूर्ति कॉम्प्लेक्स में देश के सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों का म्यूजियम बनाना चाहती है। तब कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि सरकार जवाहरलाल नेहरू की विरासत को मिटाना चाहती है। तीन मूर्ति कॉम्प्लेक्स पहले प्रधानमंत्री नेहरू का निवास था। वर्ष 1964 में उनके निधन के बाद इसे मेमोरियल के रूप में तब्दील कर दिया गया।

भवन में उनके नाम पर म्यूजियम और लाइब्रेरी बनाई गई। अब ताजा घटनाक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिख मेमोरियल से किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की है। मनमोहन ने लिखा कि नेहरू सिर्फ कांग्रेस के ही नहीं बल्कि पूरे देश के नेता थे। तीन मूर्ति देश को खड़ा करने वाले पहले प्रधानमंत्री की स्मृति है।

उनकी विशिष्टता और महानता को उनके विरोधी भी मानते थे। हमें इतिहास और विरासत का सम्मान करते हुए तीन मूर्ति को जैसा है, वैसा ही छोड़ देना चाहिए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छह साल के कार्यकाल में तीन मूर्ति भवन के साथ छेड़छाड़ नहीं की थी, लेकिन दुर्भाग्य से वर्तमान सरकार एजेंडे के तहत ऐसा कर रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

मनमोहन ने वाजपेयी का वो भाषण भी साझा किया, जो उन्होंने लोकसभा में नेहरू के निधन के बाद दिया था। वाजपेयी ने कहा था कि पंडितजी की तरह अब कोई भी तीन मूर्ति की शोभा नहीं बढ़ा सकता। उनके जैसी जीवंत शख्सियत, विपक्ष को साथ लेकर चलने की उनकी कला, उनकी सज्जनता और महानता शायद ही कभी भविष्य में दिखे। मतभेदों के बावजूद उनके आदर्शों, देशप्रेम और अतुलनीय साहस के लिए सभी के मन में उनके लिए सम्मान है।

ये भी पढ़ें - इस लडकी का हर कोई हुआ दीवाना, जानें...