जींस पैन्ट को लेकर विवाद, छोटे भाई की चाकूमार कर हत्या

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 24 अगस्त 2018, 10:17 AM (IST)

इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद के थरवई क्षेत्र में गुरूवार को जींस पैन्ट को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की चाकूमार कर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के बहमलपुर गांव निवासी फूलचंद भरतीया के पुत्र राजेन्द्र भारतीया का छोटे भाई सुरेन्द्र (25) से जींस पैंट को लेकर सुबह विवाद हो गया था। आक्रोशित राजेन्द्र ने सुरेन्द्र पर चाकू से कई वार किये जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल सुरेन्द्र को तत्काल अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गया। इस सिलसिले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि फूलचंद्र भरतीया के तीन बेटे राजेंद्र, महेंद्र और सुरेंद्र एक साथ ही रहते थे। गुरुवार की सुबह फूलचंद्र के बड़े बेटे राजेंद्र का अपने सबसे छोटे भाई सुरेंद्र से जींस की पैंट को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय परिजनों ने दोनों को शांत करा दिया। लेकिन कुछ घंटे बाद जब राजेंद्र घर के कमरे में खाना खा रहा था, उसी समय छोटा भाई सुरेंद्र किसी काम से उसी कमरे में पहुंचा।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र ने जैसे ही सुरेंद्र को कमरे में देखा, उस पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर परिजन दौड़े तब तक राजेंद्र चाकू फेंककर भाग गया। घायल सुरेंद्र को परिजन अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान उसकी मौत हो गई। तीन भाइयों में राजेंद्र और महेंद्र अपराधिक प्रवृत्ति के हैं। महेंद्र फिलहाल जेल में है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे