सानिया ने भारतीयों को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई, तो इन्हें लगा बुरा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 15 अगस्त 2018, 6:43 PM (IST)

नई दिल्ली। भारत बुधवार को अपना 72वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। आम हो या खास इस दिवस पर अपनी भावनाएं उजागर करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ विवाह बंधन में बंध चुकीं भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने भी ट्विटर पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए हिंदुस्तानियों को स्वाधीनता दिवस की बधाई दी।

हालांकि कुछ पाकिस्तानी फैंस को यह बर्दाश्त नहीं हुआ और वे उल-जुलूल कमेंट करने लगे। दरअसल सानिया ने ट्विटर पर एक के बाद एक तीन ट्वीट किए। पहले ट्वीट में उन्होंने 45 सैकंड का वीडियो अपलोड किया, जिसमें वे तिरंगे की पोशाक में हैं। सानिया बोलीं कि जब पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने भारत के लिए पहला अंक अर्जित किया था तब उन्होंने महसूस किया कि वे आजाद हैं।

उस समय ऐसे भी लोग थे, जो खेलों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को वर्जित मानते थे या अन्य तरह की नकारात्मक बातें करते थे लेकिन उन्होंने किसी की परवाह नहीं की और सपनों को छुआ। सानिया ने फैंस से अपील की कि अगर उन्हें भी कुछ ऐसा अहसास हुआ हो जब उन्होंने खुद को पहली बार आजाद माना हो, तो वे शेयर करें।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

सानिया की यह गुजारिश कुछ पाकिस्तानियों को बर्दाश्त नहीं हुई। उन्होंने सानिया को भारत के बजाय पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस (14 अगस्त) मनाने की सलाह दे डाली। एक फैन ने तो सानिया को शर्म करने तक के लिए कह दिया। साथ ही लिखा कि हम इंडियन कलर कभी बर्दाश्त नहीं करते। भाभी हमारी हो और मुबारकबाद भारत को दे रही हो।

ऐसा नहीं है कि सभी पाकिस्तानियों ने सानिया का विरोध किया हो। कुछ ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि वे भारतीय हैं और उन्हें देश की जश्न-ए-आजादी मनाने का पूरा हक है। पूर्व में सानिया और शोएब की नागरिकता को लेकर लोग सवाल उठाते रहे हैं। सानिया इन दिनों प्रेगनेंट होने से टेनिस कोर्ट से दूर हैं।

ये भी पढ़ें - टेस्ट सीरीज से बाहर हुए कमिंस व हैजलवुड, ये ले सकते हैं जगह