प्रदेश के सैनिकों के परिवारों के लिए एक्सग्रेशिया राशि बढ़ाई

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 12 अगस्त 2018, 2:53 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में 488 स्वतंत्रता सेनानियों की पोतियों को 2.48 करोड़ रुपए से अधिक की राशि कन्यादान के रूप में दी है। राज्य सरकार ने देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए शहीद होने वाले प्रदेश के सैनिकों के परिवारों का दी जाने वाली एक्सग्रेशिया राशि 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए कर दी है।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वन रैंक-वन पेंशन लागू करके पूर्व सैनिकों की वर्षों से लंबित मांग को पूरा किया है। उन्होंने बताया कि सैनिकों के कल्याण के लिए हरियाणा सरकार ने अलग से सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण विभाग का गठन किया है।
उन्होंने बताया कि युद्ध, आतंकवाद या अन्य घटना के दौरान घायल सैनिकों को दी जाने वाली राशि में निशक्तता के आधार पर 15 गुणा तक की बढ़ोतरी की गई है। सरकार ने वीरगति को प्राप्त होने वाले प्रदेश के शहीदों के 221 आश्रितों को विभिन्न विभागों में नौकरियां दी हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने भूतपूर्व सैनिकों और उनकी विधवाओं को दी जाने वाली विभिन्न प्रकार की पेंशनों में भी डेढ़ से लेकर ढाई गुणा तक की वृद्धि की है और इनमें भी वार्षिक वृद्धि की जाती है। इसके अलावा, राष्ट्रीय मिलिट्री कॉलेज, देहरादून में पढ़ रहे हरियाणा के कैडेटस की वार्षिक छात्रवृत्ति 35 हजार रुपए से बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दी गई है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होंने बताया कि मातृभाषा हिंदी के सत्याग्रहियों और एमरजेंसी के दौरान जेल जाने वाले प्रजातंत्र के प्रहरियों को राज्य सरकार द्वारा 10 हजार रुपए की मासिक पेंशन दी जा रही है।