भदोही जिला जेल में कैदी ने फांसी लगाई

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 11 अगस्त 2018, 10:48 AM (IST)

भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिला जेल में शुक्रवार की दोपहर एक बंदी ने शौचालय में गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर लगते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम राजेंद्र प्रसाद और एसपी राजेश एस. फोर्स के साथ जेल पहुंचकर पूरे घटना की जानकारी ली।

जेल प्रशासन का दावा है कि बंदी ने आत्महत्या की है। जिलाधिकारी ने कहा है कि घटना की जांच कराई जाएगी।

जिले के औराई थाने के बाबूसराय निवासी फिरोज हाशमी (22) शराब के मामले में जिला जेल ज्ञानपुर में बंद था। कुछ दिन पूर्व औराई कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल प्रशासन के अनुसार दोपहर जब बंदियों की गणना हुई थी तो हाशमी मौजूद था। इसके बाद वह जेल के शौचालय में फांसी लगा ली। इसकी वजह का पता नहीं चल सका है। वैसे भी इस जिला कारागार में अब तक कई कैदियों की मौत हो चुकी है।

यह जेल उस समय सुर्खियों में आ गया था, जब यहां जेलर द्वारा एक कैदी की उल्टा लटकाकर पिटाई करने की तस्वीरें सामने आई थी। हाल ही में एक कैदी ने ब्लेड से खुद के गले को भी काट लिया था।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे