पौने तीन क्विंटल गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 04 अगस्त 2018, 11:34 AM (IST)

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सरपतहां थाने की पुलिस ने शुक्रवार को दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो कुंतल अस्सी किलो गांजा बरामद किया है। बरामद किए गए गांजे की कीमत लगभग 15 लाख रुपये होगी।

पुलिस अधीक्षक दिनेश पाल सिंह ने बताया कि जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के डीह अशरफाबाद गांव के पास दो लोग कई बोरियों में गांजा लेकर कहीं जाने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहे थे।

इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सरपतहा भैया शिवप्रसाद सिंह अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया तो पता चला कि ये दोनों गांजा तस्कर हैं और 2 क्विंटल 80 किलो गांजा लेकर निर्धारित स्थानों पर देने जाने वाले थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोनों गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने कहा कि पकड़े गए गांजा तस्करों में अनुराग गुप्ता और संतोष मिश्रा हैं। यह दोनों गांजे की तस्करी करते हैं और बिहार से गांजा लाकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में फुटकर व्यापारियों को बेचते हैं।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे