राजस्थान गौरव यात्रा की शुरुआत आज से, विजय रथ को अमित शाह करेंगे रवाना

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 04 अगस्त 2018, 09:36 AM (IST)

जयपुर। राजस्थान गौरव यात्रा का आज राजसमंद जिले के श्री चारभुजा नाथजी मंदिर से श्रीणेश होगा। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पार्टी के विजय रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर चुनावी बिगुल बजाएंगे। शाह दोपहर 12 बजे चारभुजा मंदिर पहुंचेंगे। वहां मंदिर में पूजा के बाद रथ को रवाना किया जाएगा। इस यात्रा की शुरुआत श्री चारभुजा नाथजी मंदिर से होकर समापन अजमेर में होगा। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे। यात्रा के दौरान प्रदेश के200 विधानसभा क्षेत्रों में से 165 में जाकर पार्टी के पक्ष में प्रचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कल शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान गौरव यात्रा के रथ की पूजा कर उसे राजसमंद के लिए रवाना किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी भी मौजूद थे। गौरव यात्रा के रथ की विधि-विधान से पूजा करवाई गई और प्रसाद भी बांटा गया। इसके बाद रथ राजसमंद के लिए रवाना किया।

गौरव यात्रा रथ की रवानगी के साथ ही भारतीय जनता पार्टी की चुनावी यात्रा का शुभारंभ हुआ है। सीएम राजे चारभुजा नाथजी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद इस रथ पर सवार होंगी। इसके बाद विजय रथ को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे। 40 दिन की गौरव यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री राजे का कार्यक्रम बहुत व्यस्त रहेगा। विजय रथ में सवार होकर सीएम राजे 15 अगस्त तक उदयपुर संभाग में रहेंगी। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी शामिल होंगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह उनका स्वागत होगा। वे चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी। 16 अगस्त को सीएम भरतपुर संभाग में रहेंगी। रणथंभौर गणेश मंदिर से संभाग में चुनावी सभाएं करेंगी। इसके बाद 2 सितंबर को सालासर बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर बीकानेर संभाग में चुनावी रैलियां की जाएंगी। 10 सितंबर से कोटा संभाग, 16 सितंबर से जयपुर संभाग और 23 सितंबर से अजमेर संभाग में चुनावी रैलियां की जाएंगी।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे


विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करेंगे : सैनी


प्रदेशाध्यक्ष सैनी ने कहा कि यह विजय रथ प्रदेश के सभी जिलों में जाएगा और यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री राज्य सरकार के विकास कार्यक्रमों की जानकारी आमजन को देंगी तथा लाभार्थियों के साथ संवाद करेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत का जो लक्ष्य तय किया है, हम उसे पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में हमारी सरकार ने खूब विकास किया है, यह बात प्रदेश की जनता जानती है और इसलिए हमें पूरा विश्वास है कि विधानसभा चुनाव में हम अपने लक्ष्य को हासिल कर सकेंगे।

ये भी पढ़ें - ठाकुरजी की बदली दिनचर्या, ओढ़ी रजाई, भोग में गर्म दूध के साथ गोंद के लड्डू