शहीद के जन्मदिन पर बोले राज्यपाल कल्याण सिंह, जब तक सूरज चांद रहेगा-उधम सिंह तेरा नाम रहेगा

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 31 जुलाई 2018, 5:36 PM (IST)

इन्द्री/करनाल। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि 21वीं सदी में एक भारत-श्रेष्ठ भारत बनाने की जरूरत है, हमें देश की एकता, अखंडता, आपसी प्रेम-प्यार, भाईचारा, शांति और सद्भावना बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

उन्होंने शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस की याद को जाता करते हुए कहा कि 'जब तक सूरज चांद रहेगा-उधम सिंह तेरा नाम रहेगा, शहीद उधम सिंह के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके बलिदान की चिंगारी से ही अंग्रेजों को भारत छोडऩे पर विवश होना पड़ा और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी ने भी उनके बलिदान से पे्ररणा लेकर 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन की शुरूआत की थी और भारतीयों का आह्वान किया था या तो अंग्रेजों को भगाओ या खुद मर जाओ।

राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी मंगलवार को इन्द्री की नई अनाज मंडी में हरियाणा काम्बोज महासभा की ओर से आयोजित शहीद उधम सिंह के 78वें बलिदान दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। राज्यपाल ने इस अवसर पर शहीद उधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित करके श्रद्धाजंलि दी और दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का विधिवत रूप से शुभारम्भ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, राज्यमंत्री कृष्ण बेदी, नायब सिंह सैनी, घरौंडा के विधायक एवं हैफेड के चेयरमैन हरविन्द्र कल्याण, नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी, थानेसर के विधायक सुभाष सुधा, पूर्व विधायक कृष्ण काम्बोज, राकेश काम्बोज, चौ. बंता राम बाल्मीकि, डेरा बाबा बुमनशाह के गद्दीसीन बाबा ब्रह्मदास, हरियाणा काम्बोज महासभा के प्रदेशाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह व जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह काम्बोज सहित अन्य गणमान्य लोगों ने शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि दी।

सोलंकी ने कहा कि भारत का सही व्यक्ति वही है जो ठान लेता है वो करके दिखाता है, उधम सिंह भी ऐसे महान वीर शहीदों में से एक थे। उन्होंने देश की आन-बान-शान की खातिर बचपन में अंग्रेजों से बदला लेने की जो प्रतिज्ञा की थी उसे पूरा करके दिखाया।

राज्यपाल ने शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि पुरूषों के साथ महिलाओं की उपस्थिति इस बात को दर्शाती है कि हम भारतीय अपने शहीदों से कितना लगाव रखते हैं। इतनी बड़ी भीड़ की उपस्थिति के लिए मंत्री कर्णदेव काम्बोज वह हरियाणा काम्बोज महासभा के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि आज के समय में इस प्रकार के कार्यक्रमों की जरूरत है ताकि शहीदों को याद करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा मिल सके। हरियाणा काम्बोज महासभा की मांग पर कुरूक्षेत्र में निर्माणाधीन काम्बोज धर्मशाला के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की, तथा महासभा के पदाधिकारियों को सुझाव दिया कि कुरूक्षेत्र की धर्मशाला में यदि शहीद उधम सिंह के जीवन पर आधारित संग्रहालय बनाया जाए तो बेहतर होगा, फिर भी यदि संग्रहालय के लिए केडीबी के पास अलग जगह उपलब्ध होगी तो उसका अध्ययन करवाएंगे।

कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि खुशनसीब होते हैं वो लोग जिनका खून देश के काम आता है। देश के लिए कुर्बान होने वालों में ऐसे ही महान वीर देशभक्त व क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह भी एक हैं।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

उन्होंने बताया कि 26 दिसम्बर 1899 को पंजाब के संगरूर जिले के सुनाम गांव में जन्म उधम सिंह जलियांवाला बाग में हुए नरसंहार के प्रत्यक्षदर्शी थे। अंग्रेजों द्वारा किए गए भयानक नरसंहार का बदला लेने का प्रण लिया। आखिरकार 13 मार्च, 1940 को वह दिन आया जब लंदन के कैक्स्टन हॉल की बैठक में उन्होंने माइकल ओ-ड्वायर की गोली मारकर विदेश में अपने देश के सम्मान का बदला लिया और अपना प्रण पूरा किया।

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने शहीद उधम सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी देश भक्ति के जज्बे को समूचा राष्ट्र सलाम करता है।

इस अवसर पर डेरा बाबा बूमनशाह के गद्दीसीन बाबा ब्रह्मदास ने कहा कि हिंदुस्तान महान शूरवीरों की धरती है जिन्होंने भारत माता की आन-बान-शान की खातिर अपनी जान कुर्बान कर दी। ऐसे वीर शहीदों को कोटि-कोटि नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि शहीदों को यही श्रद्धांजलि होगी कि हमें बुराईयों का डटकर विरोध करना चाहिए क्योंकि जब उधम सिंह ने जलियांवाला बाग की घटना में हुए अन्याय को देखा तो उनका खून खौल गया था और उन्होंने उस घटना का बदला लेने का प्रण लिया।

हरियाणा काम्बोज महासभा के प्रधान भूपेन्द्र सिंह ने मुख्य अतिथि महामहीम राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी व कार्यक्रम के अध्यक्ष मंत्री कर्णदेव काम्बोज सहित सभी विशिष्ट अतिथियों तथा भारी जनसमूह का स्वागत किया और सभा की ओर से सभी को शहीद उधम सिंह का चित्र व शॉल भेंटकर सम्मानित किया और सभा की ओर से मांग पत्र मुख्य अतिथि को सौंपा। सभा की मांग पर काम्बोज धर्मशाला कुरूक्षेत्र के लिए मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने 21 लाख रुपये, परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, विधायक सुभाष सुधा ने 11-11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा मंत्री विपुल गोयल ने भी भवन के लिए 11 लाख रुपये की राशि की स्वीकृति सभा को भेजी। कार्यक्रम में मंच का संचालन जयप्रकाश काम्बोज ने किया।

ये भी पढ़ें - अनाथ और गरीब बच्चों के मन की मुराद पूरी कर रहा है साई सौभाग्य मंदिर