विजय माल्या की प्रत्यर्पण केस पर सुनवाई टली, जमानत बढ़ी

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 31 जुलाई 2018, 5:26 PM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय बैंकों का लगभग 14000 हजार करोड़ रुपए का कर्ज नहीं चुकाने वाले भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या के प्रत्यर्पण पर लंदन की कोर्ट में सुनवाई 12 सितंबर तक टल गई है। विजय माल्या की जमानत की अवधि भी बढ़ा दी गई है। कोर्ट ने भारत से आर्थर रोड़ जेल का वीडियो मांगा है जिसमें विजय माल्या को प्रत्यर्पण के बाद रखा जाएगा। कोर्ट में आज विजय माल्या के प्रत्यर्पण पर अंतिम सुनवाई थी। इस सुनवाई में विजय माल्या भी भाग लेने पहुंचा था। विजय माल्या लंदन की कोर्ट में अपने भारत प्रत्यर्पण के खिलाफ केस लड़ रहा है।

न्यायाधीश एम्मा की कोर्ट में विजय माल्या पर सुनवाई हो रही है। भारत से सीबीआई और ईडी की टीम पहले ही लंदन पहुंच चुकी है। बता दे, लंदन की कोर्ट में पिछले साल दिसंबर में माल्या का प्रत्यर्पण का ट्रायल शुरू हुआ था। विजय माल्या मार्च 2016 से देश छोडक़र जा चुका है।

माल्या ने किंगफिशर एयरलाइंस के खाते पर डिफॉल्ट किया है। उसके खिलाफ फ्रॉड के भी आरोप हैं। इस केस की पिछली सुनवाई 27 अप्रैल को हुई थी। जिसमें यूके की कोर्ट ने विजय माल्या के खिलाफ पेश किए गए सबूतों को मान्य किया था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

विजय माल्या ने सुनवाई से पहले कहा कि उसने कर्नाटक हाईकोर्ट के सामने सेटलमेंट का ऑफर दिया है। कोर्ट के सामने 14 हजार करोड़ की संपत्ति रखी हैं। कोर्ट से कहा कि इस प्रॉपर्टी को बेचकर बैंक और कर्जदारों का पैसा चुका दिया जाए। उसने कहा कि पैसा चुराने और मनी लॉन्डरिंग के आरोप गलत है।

उसने कहा कि मैने कोर्ट के सामने अपने संपत्ति रख दी हैं अब कोर्ट को फैसला करना है। माल्या ने कहा कि वो कोर्ट का फैसला मानेगा। पिछले महीने माल्या ने कहा था कि वो बैंक डिफॉल्ट का पोस्टर बॉय बन चुका है। 22 जून को विजय माल्या ने कर्नाटक हाइकोर्ट के सामने अपनी 13,900 करोड़ रुपए की एसेट बेचकर पैसा चुकाने की अर्जी दी थी।

ये भी पढ़ें - अनाथ और गरीब बच्चों के मन की मुराद पूरी कर रहा है साई सौभाग्य मंदिर