ऑर्किड की विभिन्न प्रजातियों का नजारा दिखेगा सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 27 जुलाई 2018, 6:18 PM (IST)

उदयपुर। सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क के पार्किंग स्थल पर तीन दिवसीय ऑर्किड फेस्टिवल का शुक्रवार को गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने शुभारंभ किया। आपको बता दें कि यह फेस्टिवल वन विभाग की ओर से आयोजित अपनी तरह का पहला फेस्टिवल है। इसमें ऑर्किड की स्थानीय और अन्य राज्यों की विभिन्न प्रजातियां प्रदर्शित की गई हैं। इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक राहुल भटनागर, इंद्रपाल सिंह मथारू सहित अन्य अधिकारी एवं प्रकृति प्रेमी मौजूद रहे।

कटारिया ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभाग के प्रयासों को सराहा। रंग-बिरंगे ऑर्किड के फूलों को देखकर गृहमंत्री अभिभूत हुए और प्रत्येक के बारे में जानकारी ली। मुख्य वन संरक्षक ने बताया कि यहां प्रदर्शित अधिकांश ऑर्किड फुलवारी की नाल से लाए गए हैं, जो वहां प्राकृतिक रूप से पाए जाते हैं। कुछ प्रजातियों को केरल, कर्नाटक आदि राज्यों से लाकर प्रदर्शित किया गया है, जो यहां के मौसम के अनुकूल हैं।

गृह मंत्री ने विजिटर बुक में अपने संदेश में लिखा कि प्रकृति प्रेमियों को इन पौधों के बारे में जानकारी देने के लिए इस तरह की प्रदर्शनियां लगाई जानी चाहिए। साथ ही ऎसे प्रयास करने की आवश्यकता है कि फुलवारी की नाल भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके। इस अवसर पर गृहमंत्री एवं अन्य गणमान्यों ने ‘ऑर्किड का स्वर्ग फुलवारी की नाल’ पर आधारित चित्रनुमा ब्रोशर का भी विमोचन किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

भटनागर ने बताया कि तीन दिवसीय प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। यहां प्रदर्शित ऑर्किड को निर्धारित मूल्य चुकाकर खरीदा भी जा सकता है। गृहमंत्री कटारिया ने सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में पल रहे मगरमच्छ के 16 बच्चों के संरक्षण को लेकर किए जा रहे प्रयास पर खुशी जताई। उन्होनें इन बच्चों को देखा और इनको बचाने के लिए किया जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी ली। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार इनके भोजन आदि की व्यवस्था की जाती है।


ये भी पढ़ें - ठाकुरजी की बदली दिनचर्या, ओढ़ी रजाई, भोग में गर्म दूध के साथ गोंद के लड्डू

कटारिया ने सज्जनगढ़ स्थित मानसून पैलेस का अवलोकन कर इसके जीर्णोद्धार के कार्यों का जायजा लिया। यहां चल रहे कैफेटेरिया का भी निरीक्षण किया और यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या व उनको उपलब्ध सुविधा आदि के बारे में जानकारी ली। कटारिया ने यूआईटी अध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली से फोन पर बात कर मानसून पैलेस तक जाने वाली सड़क के ऊपरी हिस्से की मरम्मत के लिए निर्देश दिए।


ये भी पढ़ें - हजारों साल और एक करोड़ साल पहले के मानसून तंत्र पर जारी है रिसर्च, जाने यहां

सज्जनगढ़ संरक्षित क्षेत्र में एक अन्य पहाड़ी पर नया टूरिस्ट डेस्टिनेशन विकसित किया जाएगा। ‘क्लाउड 9’ नाम के इस स्थान को मुख्य वन संरक्षक राहुल भटनागर ने चिन्हित किया था।


ये भी पढ़ें - खौफ में गांव के लोग, भूले नहीं करते ये काम

फतहसागर और पिछोला के दृश्य सहित शहर का नजारा इस नए स्थान से और भी समीप एवं आकर्षक दिखाई देता है। कटारिया ने कहा कि यहां चार कमरों की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि पर्यटकों को इस नए स्थान पर सुविधा उपलब्ध हो सके।

ये भी पढ़ें - शर्त या पागलपंथी!निगली एक फुट लंबी संडासी