पिता सचिन तेंदुलकर की जैसे अर्जुन भी भारत के लिए डेब्यू मैच में...

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 19 जुलाई 2018, 6:54 PM (IST)

कोलंबो। यहां भारत और श्रीलंका की अंडर-19 टीमों के बीच पहला चार दिवसीय यूथ टेस्ट खेला जा रहा है। इसमें भारतीय टीम ने जीत की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। श्रीलंका को पहली पारी में 244 रन पर ढेर करने के बाद भारत ने अपनी पहली पारी में 589 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में श्रीलंका ने आज गुरुवार को टेस्ट के तीसरे दिन दूसरी पारी में 60 ओवर में 177 रन की कीमत पर तीन विकेट खो दिए थे। श्रीलंका को अब भी पारी की हार से बचने के लिए 168 रन और चाहिए, जबकि उसके सात विकेट बचे हैं। निशान मदुस्का (104) ने शतक जमाया। नुवानिदु फर्नाडो 19 और प्रसिंदू सूर्यबांद्रा 20 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

श्रीलंका के तीनों विकेट मोहित जांगड़ा ने लिए। आज सुबह भारत ने अपनी पारी 473/5 रन से आगे बढ़ाई। टीम ने 116 रन और जोडक़र शेष पांच विकेट खो दिए। आयुष बदोनी 205 गेंदों पर 19 चौकों व चार छक्कों की मदद से 185 रन पर नाबाद लौटे। हालांकि फैंस सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन की बल्लेबाजी को लेकर ज्यादा उत्सुक थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

9वें नंबर पर उतरे बाएं हाथ के बल्लेबाज अर्जुन 11 गेंदें खेलने के बावजूद खाता भी नहीं खोल पाए। इसके साथ ही अर्जुन ने अपने पिता की बराबरी कर ली। सचिन भी भारत के लिए खेले गए अपने पदार्पण मैच में 0 पर आउट हो गए थे। सचिन ने वर्ष 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू वनडे मैच खेला था और वे खाता खोले बगैर ही पैवेलियन लौट गए थे। वैसे अर्जुन मूल रूप से एक गेंदबाज हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन ने पहली पारी में 11 ओवर में 33 रन देकर एक विकेट लिया था।

ये भी पढ़ें - ये हैं IPL इतिहास के 10 सबसे महंगे क्रिकेटर, कोई पैसा वसूल तो कोई...