राजस्व अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 18 जुलाई 2018, 2:50 PM (IST)

कोटा। जिला कलक्टर गौरव गोयल की अध्यक्षता में बुधवार को राजस्व अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें राजस्व मंडल के सदस्य मोडूदान देथा ने राजस्व न्यायालयों एवं नवीन कानूनों की जानकारी दी।

राजस्व मंडल सदस्य ने कहा कि राजस्व न्यायालयों के पीठासीन अधिकारी कानून की अद्यतन जानकारी रखकर समय पर न्याय प्रदान कर अपने अधिकारों का उपयोग करें। उन्होंने राजस्व मंडल की न्याय प्रणाली की जानकारी के साथ राजस्व कानूनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारियों को अधिकारों का सदुपयोग कर इस प्रकार का न्याय प्रदान करें कि न्याय होने के साथ-साथ वह दिखाई भी दे। उन्होंने कोर्ट में पीठासीन अधिकारी को कानूनों की अद्यतन जानकारी के लिए नवीनतम दिशा निर्देशों एवं न्यायालयों के रेफरेंस केस का अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बार व बैंच के मध्य हमेशा विश्वास होना चाहिये जिससे एक दुसरे को सिखने में मदद मिलती है। उन्होंने न्यायालय की कार्यवाही प्रक्रियाधीन होने पर विशेष ध्यान देने, शिविरों के दौरान केवल आपसी सहमति से निपटाये जाने वाले प्रकरणों की सुनवाई करने का सुझाव दिया। उन्होंने कार्यशाला के दौरान राजस्व अधिकारी एवं बार के वरिष्ठ अभिवक्ताओं के शंकाओं का समाधान भी किया। उन्होंने बिन्दुवार न्यायालय के दौरान की कार्यवाही एवं राजस्व कानूनों की विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन सुनिता डागा, नगर बीएल मीणा, सहायक कलक्टर दुर्गाशंकर मीणा, जिले के सभी उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे