हिमाचल के पालमपुर में रिकॉर्ड बारिश

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 13 जुलाई 2018, 12:04 PM (IST)

शिमला। हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में शुक्रवार को भी बारिश जारी है और राज्य में सबसे ज्यादा पालमपुर में 75 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में इस सप्ताहांत तक और बारिश होने की बात कही है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "राज्य में मानसून सक्रिय है। कांगड़ा जिले में भारी बारिश के साथ अधिकांश जगहों पर बारिश हुई।"

उन्होंने कहा कि राज्य में रविवार तक सामान्य से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है।

चंबा जिले के डलहौजी में 27 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि धर्मशाला और मनाली दोनों जगहों पर 11.8 मिलीमीटर बारिश हुई।

राज्य की राजधानी शिमला में 15.1 मिलीमीटर बारिश हुई। यहां न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

राज्य में लाहौल-स्पीति का केलांग 13.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा।

एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि सतलुज, ब्यास और यमुना नदी और किन्नौर, शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर और सिरमौर जिलों में उनकी सहायक नदियों में बाढ़ जैसी स्थिति है।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे