भाजपा एसटी मोर्चा गाँव-गाँव, ढ़ाणी-ढ़ाणी पहुँचेगा - मदन लाल सैनी

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 11 जुलाई 2018, 6:38 PM (IST)

जयपुर । प्रदेश भाजपा के एसटी मोर्चा की तरफ से पूरे प्रदेश में ‘‘बूथ विस्तारक योजना’’ ‘‘मेरा बूथ-कमल का बूथ’’ के तहत विस्तारक नियुक्त किये गये है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर विस्तारक योजना को लेकर एक कार्यशाला रखी गई।
कार्यशाला का उद्घाटन राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी. सतीश, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) चन्द्रशेखर, एस.टी. मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रामकिशोर मीना, एस.टी. मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष व जनजाति के अल्प बूथ विस्तारक प्रभारी हेमराज मीणा ने किया।


भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी. सतीश ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी यह सोचती है कि एस.टी./एस.सी. को बराबरी का हक केवल समाज में ही नहीं बल्कि राजनैतिक दलों में भी मिलना चाहिए।
वी. सतीश ने कहा कि मैं दुष्प्रचार करने वालों को यह याद दिलाना चाहूँगा कि हमेशा से भारतीय जनता पार्टी ने जनजाति समाज के लिए सार्थक एवं सकारात्मक सोच रखी है। हम सभी को यह याद है कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपनी सरकार में तीन मंत्री जनजाति समाज से बनाये थे। भारतीय जनता पार्टी गुणवत्ता के आधार सभी समाजों को सम्मान देती है। जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं से यह अपेक्षा रखता हूँ कि आप जनहित हेतु समर्थित भारतीय जनता पार्टी की रीति व नीति को इस बूथ विस्तारक योजना ‘‘मेरा बूथ-कमल का बूथ’’ के माध्यम से घर-घर तक पहुँचायेंगे। भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य जनहितकारी कार्य करके आमजनता का मन जीतना है और भाजपामय वातावरण ही देश को विकास की ओर लेकर जायेगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी ने विस्तारकों की कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र एवं राज्य सरकार आमजनता के कल्याण को ध्यान में रखकर निरन्तर कार्य कर रही है और अब हम कार्यकर्ताओं का मुख्य लक्ष्य केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं को समाज के अन्तिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। हम सभी को इसके लिए पूर्ण समर्पण के साथ निरन्तर कार्य करना होगा। भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व शासन में नहीं सेवा करने में यकीन रखता है। भारतीयों के जीवन और समाज के उत्थान में पार्टी कार्य कर रही है। भारत की सेवा, सुरक्षा, संस्कृति व सम्मान की रक्षा की लड़ाई है। हम सभी भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करेंगे। आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जनसेवा में समर्पित भारतीय जनता पार्टी को राजस्थान और भारत की कमान पुनः सम्भलवाने हेतु हम निरन्तर कार्य करते रहेंगे।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने विस्तारकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारा भारत देश सच्चे लोगों का देश है और हमें संस्कारी भाजपा का विस्तार करना है। संगठन के विस्तार के लिए कार्य करना है।

इस अवसर पर कार्यक्रम में एस.टी. मोर्चा के प्रदेश महामंत्री खेमराज गरासिया, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, मेघराज मीणा, 12 जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं 37 विधानसभाओं के प्रभारी उपस्थित रहें।






ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे