निगम कर्मचारी को सांड ने उठाकर फेंका, कंधे में फ्रैक्चर

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 11 जुलाई 2018, 1:08 PM (IST)

कोटा। कोटा नगर निगम के संविदा कर्मी गौरव गहलोत को सांड पकड़ना भारी पड़ गया। सांड पकड़ने के दौरान वह चोटग्रस्त हो गया। उसके कंधे में फ्रैक्चर आया है। महावीर नगर प्रथम में वह निगम की टीम के साथ सांड पकड़ने गया था। पार्क में सांड को घेरकर वाहन में चढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान सांड अचानक पलटा और गौरव को उठाकर पटक दिया। इससे वह बेहोश हो गया। बाकी कर्मचारियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसके कंधे में फ्रैक्चर आना बताया। गौरव अतिक्रमण निरोधी विभाग की टीम में संविदा पर तैनात है।

नगर निगम ने शहर में आवारा पशुओं व सांडों को पकड़ने का ठेका दिया हुआ है लेकिन उसके साथ अतिक्रमण निरोधी विभाग की टीम को भी लगा दिया जाता है। उनके पास न तो इसके लिए संसाधन हैं न वाहन। उन्हें मजबूरी में ठेकेदार के मजदूरों के साथ ही सांड पकड़ना पड़ता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे