उदयपुर। पत्नी की मौत के बाद बीमा की राशि नहीं देने पर उपभोक्ता मंच ने बीमा कंपनी को 6 लाख 27 हजार 284 रुपए और इस पर 21 अक्टूबर 2015 से 9 प्रतिशत ब्याज सहित क्षतिपूर्ति के 5 हजार रुपए और परिवाद व्यय 3 हजार रुपए अदा करने के आदेश दिए।
बांसवाड़ा के मेतवाला तहसील के बाई का गड़ा गांव निवासी धुलजी पुत्र कालिया खड़ा ने 11 फरवरी 2016 को उदियापोल स्थित एचडीएफसी स्टेंडर्ड लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेट लिमिटेड के प्रबंधक के खिलाफ दिए परिवाद में बताया कि धुलजी की पत्नी दुर्गा का कंपनी ने एचडीएफसी लाइफ सुपर सेविंग प्लान की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी 28 नंवबर 2013 को 15 साल के लिए जारी की थी जिसमें प्रीमियम अर्द्धवार्षिक तय की गई थी।
पॉलिसी में 6 लाख 27 हजार 284 रुपए समइंश्योर्ड की राशि थी। पत्नी की 25 अप्रैल 2014 को हृदयाघात से आकस्मिक मौत हो जाने के बाद पति ने कंपनी के समक्ष दावा प्रस्तुत किया लेकिन कंपनी ने राशि नहीं चुकाई। कंपनी ने सूचना दी कि फार्म में गलत सूचना दी जबकि परिवादी ने कहा कि कंपनी ने अपनी मर्जी से तथ्य गलत बता दिए। फोरम के अध्यक्ष हिमांशु राय नागौरी, सदस्य भारत भूषण ओझा और अंजना जोशी ने फैसला सुनाया।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे