नीतीश ने लालू को किया फोन, तेजस्वी बोले- महागठबंधन में JDU को जगह नहीं

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 27 जून 2018, 10:17 AM (IST)

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को फोन कर उनका हाल-चाल पूछा। इसके बाद से ही बिहार में नई राजनीतिक चर्चाओं का दौर एक बार फिर से शुरू हो गया है। आपको बता दें कि चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू यादव फिलहाल इलाज के लिए अंतरिम जमानत पर बाहर है और मुंबई के अस्पातल में भर्ती हैं। झारखंड हाई कोर्ट ने लालू यादव की अंतरिम जमानत तीन जुलाई तक के लिए बढ़ा दी है।
आपको बता दें कि बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव का इलाज मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टिट्यूट में चल रहा है। यह फोन कॉल जब हुई तो लालू के बेटे और बिहार के पूर्व डेप्युटी सीएम तेजस्वी यादव भी अपने पिता के साथ अस्पताल में मौजूद थे। इस फोन कॉल के बाद इस बात की सुगबुगाहट शुरू हो गई कि क्या एक बार फिर नीतीश आरजेडी के करीब जाने की कोशिशों में जुट गए हैं।
इस पर तेजस्वी यादव ने कहा, यह देर से किया गया कॉल था। उन्होंने बताया कि रविवार को लालू यादव का फिस्टुला ऑपरेशन किया गया। तेजस्वी यादव ने कहा, हैरानी की बात है कि हॉस्पिटल में भर्ती होने के चार महीने बाद नीतीश जी को उनके (लालू यादव) बीमार होने की खबर मिली। मुझे आशा है कि उन्होंने यह महसूस किया होगा कि वे उनसे मिलने वाले अंतिम बीजेपी/एनडीए के नेता हैं। बता दें कि लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव की शादी में नीतीश कुमार शरीक हुए थे।
तेजस्वी प्रसाद यादव ने दो टूक कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए महागठबंधन के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले को लेकर आरजेडी महागठबंधन के किसी दूसरे दलों के दबाव में भी नहीं आएगा। तेजस्वी यादव ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने जनादेश का अपमान किया और यहां की जनता नीतीश को कभी माफ नहीं करेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आपको बता दें कि कोर्ट ने लालू यादव को छह हफ्ते की जमानत दी थी जो 27 जून को खत्म होने वाली थी। 11 मई को लालू यादव को छह हफ्ते की जमानत दी थी। मौजूदा वक्त में बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर एनडीए में टकराव चल रहा है। इस बीच नीतीश कुमार का लालू यादव को फोन करना कई सवाल खड़े कर रहा है।

ये भी पढ़ें - राजस्थान के इस पुल पर पैदल जाओगे तो पकड लेगी पुलिस!