उलानबातर कप : मनदीप जांगड़ा ने जीता स्वर्ण, भारत को 9 पदक

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 24 जून 2018, 6:47 PM (IST)

उलानबातर। राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाले भारत के मुक्केबाज मनदीप जांगड़ा ने यहां उलानबातर कप के 69 किलोग्राम भारवर्ग में जीत हासिल करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत इस टूर्नामेंट में कुल नौ पदक जीतने में कामयाब रहा। मनदीप के स्वर्ण के अलावा भारत ने चार रजत और इतने ही कांस्य पदक अपने नाम किए।

मनदीप ने मंगोलिया के ब्याबा-ओटगोनबतार को मात दी। मनदीप ने अपने पंचों का जबरदस्त जोर दिखाया और अपने विपक्षी को बैकफुट पर ही रखा। वहीं पुरुषों की 56 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा में भारत के मुहम्मद इताश खान को स्थानीय खिलाड़ी इंख-अमर से मात खानी पड़ी।

रेफरियों ने अमर को विभाजित फैसले से विजेता घोषित किया। दिन की शुरुआत पुरुषों की 49 किलोग्राम भारवर्ग की स्पर्धा से हुई जहां भारत के हिमांशु शर्मा का मुकाबला ईरान के ओमिड अहमदिसाफा से था। भारतीय खिलाड़ी को इस मैच में हार मिली और उन्हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

सुबह के सत्र में महिला वर्ग में विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक हासिल करने वाली सोनिया लाथेर को स्थानीय मुक्केबाज तुमुरखुयाग बोर्लोटुल से अच्छी टक्कर मिली, लेकिन भारतीय खिलाड़ी जीत हासिल नहीं कर पाईं और उन्हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। महिला वर्ग में लवलिना बोरगौहेन को 69 किलोग्राम भारवर्ग में चीनी ताइपे की निएन चेन चेन ने जीत से महरूम रखा। बीना देवी काउजाम (48 किलोग्राम), पुरुष वर्ग में शिव थापा (60 किलोग्राम), वानहलिमपुइया (75 किलोग्राम), आशीष (64 किलोग्राम) को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

ये भी पढ़ें - वनडे में इस उपलब्धि से सिर्फ दो कदम दूर हैं विराट कोहली, देखें...