मुंबई। 90 के दशक की हिरोइन ममता कुलकर्णी ड्रग्स तस्करी के धंधे में उतर गई है। ठाणेे पुलिस की मानें तो पिछले महीने बरामद की गई 20 टन एफेड्राइन ड्रग्स तस्करी मामले में ममता कुलकर्णी का अहम रोल था। जांचकर्ताओं ने खुलासा किया कि ममता के केन्या बेस्ड पति विकी गोस्वामी इस मामले में प्रमुख कर्ता-धर्ता थे। इससे पहले भी विकी का नाम ड्रग्स अपराधों और ड्रग्स तस्करी से हमेशा जुड़ता रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ठाणे पुलिस ड्रग्स स्मगलिंग में ममता की भूमिका की जांच कर रही है।
साल 1997 में विकी दुबई में ड्रग्स ट्रैफिकिंग के मामले में अरेस्ट किए गए थे और वहां की जेल में 15 साल की सजा काटी थी। इसके बाद वह ममता कुलकर्णी के साथ केन्या की राजधानी नैरोबी में जाकर रहने लगा। वहां अब उन पर ताजा मामले चल रहे हैं। ड्रग्स अपराधों के मामले में वह अमेरिका और थाने पुलिस के वॉन्टेड अपराधी हैं। ठाणे के पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने कहा,यह एक इंटरनैशनल रैकेट है और विकी गोस्वामी इसमें मेन लिंक है। हम ममता कुलकर्णी की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं। अमेरिकी ड्रग्स इन्फोर्समेंट एजेंसी (डीईए) ने ठाणे पुलिस को विकी के ऑपरेशंस के बारे में जानकारी दी जिसमें वह प्राइम सस्पेक्ट थे। माना जा रहा है कि ममता कुलकर्णी अभी केन्या में हैं।
हालांकि पुलिस ने अभी खुलकर इस बारे में नहीं बताया है कि अपने पति के
ड्रग्स बिजनस में ममता की क्या भूमिका थी लेकिन सूत्रों की मानें तो ममता
भी ड्रग्स स्मगलिंग का एक चेहरा थीं। ठाणे पुलिस के एक अधिकारी ने नाम
जाहिर न करने की शर्त पर बताया कि इंटरपोल के डर से विकी केन्या चले गए
लेकिन तब ममता दुबई, अमेरिका, सिंगापुर और दक्षिण अफ्रीका में क्लाइंट्स से
मुलाकात करती थीं। आरोप है कि ममता महाराष्ट के ड्रग्स डीलिंग नेटवर्क में
भी शामिल थीं और विकी बैंकों में लेनदेन के लिए ममता का नाम इस्तेमाल करते
थे।
आरोप है कि ममता और विकी ड्रग्स डीलिंग से मिली ब्लैक मनी को हवाला चैनल के जरिए ठिकाने लगाते थे। हालांकि, ममता अभी तक अधिकारियों के शिकंजे में नहीं आई हैं। इसी बीच क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को पुनीत श्रृंगी को गिरफ्तार कर लिया। माना जाता है कि पुनीत मुंबई और ठाणे में विकी और ड्रग्स डीलरों के बीच मेन लिंक था। पुनीत ने खुलासा किया है कि एक फर्म का डायरेक्टर मनोज जैन भी विकी के साथ इस धंधे में शामिल है और उसने केन्या में विकी से कई बार मुलाकात भी की थी।