दहेज में कूलर-सोफा नहीं लाई तो विवाहिता को पीटा

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 16 जून 2018, 7:52 PM (IST)

लुधियाना। दहेज में कूलर की मांग पूरी नहीं करवाना एक विवाहिता को इतना भारी पड़ा कि उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ गया। ससुराल वालों ने मांग पूरी नहीं करने पर उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। पीड़िता को खन्ना के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने पीड़िता के बयान लेकर कार्रवाई शुरू की।
पीड़िता अमनदीप कौर पत्नी गुरदीप सिंह निवासी अमलोह रोड खन्ना ने बताया कि शादी के 8 दिन बाद ही ससुराल वाले उसे दहेज लाने के लिए परेशान करने लगे। काफी दिनों तक उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया तो ससुराल वालों ने मारपीट शुरू कर दी। वे पीड़िता पर सोफा और कूलर लाने का दबाव बनाने लगे। उसने जब मायके से सामान लाने से मना कर दिया तो पति और सास-ससुर ने उससे मारपीट कर दी। बाद में इस बारे में लाडोवाल थाना लुधियाना में शिकायत दी गई।

इस संबंध में गुरदीप सिंह और उसके परिवार के सदस्यों ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी न तो दहेज के रूप में सामान मांगा और न ही मारपीट की है। अमनदीप कौर ने अपनी मां से मिलकर उनके खिलाफ लुधियाना पुलिस स्टेशन में शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को में समझाइश करा दी। इसके बाद अमनदीप कौर 15 दिन के लिए खन्ना चली गई थी। बाद में वह सिविल अस्पताल में क्यों भर्ती हुई, इस बारे में उन्हें कुछ नहीं पता।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे