दाती महाराज पर एक और आरोप! पुलिस की राजस्थान आश्रम में छापेमारी

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 16 जून 2018, 6:57 PM (IST)

नई दिल्ली। बलात्कार के आरोप में फरार चल रहे धर्म गुरु दाती महाराज की मुश्किले बढ़ती ही जा रही है। दाती महाराज पर एक और सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़ित लड़की ने पुलिस पूछताछ में कहा कि शनिधाम में और भी कई लड़कियों को बंधक बनाकर रखा गया है। जिसके बाद पुलिस ने शनिधान पर छापामार कार्रवाई की। खबरों के मुताबिक, दाती महाराज पर बलात्कार की खोजबीन में दिल्ली पुलिस ने शनिवार को राजस्थान में कई स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस ने दाती महाराज के पाली स्थित आश्रम में भी खोजबीन की। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी बाबा का सुराग जुटाने के लिए सोजत पुलिस स्टेशन भी गई।

रेप पीड़िता ने लगाया था आरोप...

पुलिस ने दाती महाराज पर रेप का आरोप लगाने वाली लड़की की शिकायत पर ये कार्रवाई की थी। पूछताछ में उसने खुलासा किया था कि दाती महाराज ने शनिधाम में और भी कई लड़कियों को बंधक बनाकर रखा है। उनके सभी के साथ वहां गलत काम होता है। जिसके बाद पुलिस ने साकेत कोर्ट से दाती महाराज के असौल, छतरपुर स्थित शनिधाम पर तलाशी की अनुमति मांगी थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने यहां पीडि़ता और उसके पिता से भी मुलाकात की।

पाली स्थित सोजत रोड पर दाती महाराज का आश्रम बना हुआ है। यहां पुलिस ने कई घंटे छानबीन की और कुछ साक्ष्य भी जुटाए। पीडि़ता ने दाती महाराज पर दिल्ली और पाली स्थित आश्रम में यौन शोषण करने के आरोप लगाए हैं। दाती महाराज के अलावा उनके 4 अन्य शिष्यों पर भी रेप का आरोप लगाया गया है। सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस के साथ पीडि़ता भी थी।

इससे पहले क्राइम ब्रांच ने स्वयंभू बाबा दाती महाराज के छतरपुर आश्रम में भी छापेमारी की थी। क्राइम ब्रांच ने इस हफ्ते की शुरुआत में मामले की जांच जिला पुलिस से अपने हाथ में ली थी। बता दे, दाती महाराज पर 25 वर्षीय एक युवती ने बलात्कार का आरोप लगाया है। युवती ने रविवार को फतेहपुर बेरी पुलिस थाने में बाबा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद मामले को अपराध शाखा को हस्तांतरित किया गया। पुलिस ने 13 जून को युवती से पूछताछ की थी और मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान दर्ज कराया था। साथ ही उन्होंने दाती महाराज के खिलाफ एक लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया ताकि वह देश छोडक़र न जा सके।

महिला ने बताया कि वह एक दशक तक दाती महाराज की शिष्य रही लेकिन बाबा और उसके दो चेलों द्वारा बलात्कार किए जाने के बाद वह अपने घर राजस्थान लौट आई थी। वह करीब दो साल पहले आश्रम से भाग गई थी और लंबे समय से अवसाद में थी। अवसाद से उबरकर उसने अपने माता-पिता को पूरी बात बताई जिन्होंने पुलिस के पास शिकायत दी हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे