केजरीवाल के धरने का आज छठा दिन : समर्थन में आए क्षेत्रीय दल

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 16 जून 2018, 09:25 AM (IST)

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उपराज्यपाल अनिल बेजल के कार्यालय पर धरना और आम आदमी पार्टी के विरोध प्रदर्शन का आज छठा दिन है। आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराज्यपाल अनिल बैजल के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और आंध्र प्रदेश की तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) सहित कई क्षेत्रीय दल अब केजरीवाल के धरना प्रदर्शन के समर्थन में आ गए हैं।
जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक ट्वीट में कहा, मैं दिल्ली द्वारा अपने अधिकारों की लड़ाई को सलाम करता हूं। दिल्ली में आप सरकार को अपने अधिकारों के लिए सडक़ों पर उतरने को बाध्य किया गया है। यह किस तरह का लोकतंत्र है? झारखंड दिल्ली के लोगों और केजरीवाल के साथ है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने चुनी हुई दिल्ली सरकार के साथ एकजुटता जाहिर की। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा, केंद्र की सत्ता पर काबिज पार्टी के राजनीतिक हितों के लिए राज्यपाल पद का दुरुपयोग करने की परंपरा संविधान की आत्मा के विरुद्ध है।



ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

केजरीवाल के विरोध प्रदर्शन को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, राष्ट्रीय जनता दल और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और अभिनेता से राजनीति में आए कमल हासन व शत्रुघ्न सिन्हा ने पहले ही समर्थन दिया है। माकर््सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने भी केजरीवाल का समर्थन किया है।
आपको बता दें कि केजरीवाल पिछले पांच दिनों से धरना पर हैं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित कई मंत्री बेमियादी अनशन पर हैं। उनका आरोप है कि प्रधानमंत्री के इशारे पर उपराज्यपाल प्रशानिक अधिकारियों को काम न करने को कहा है और कई योजनाओं की फाइल रोककर काम नहीं होने दे रहे हैं, क्योंकि उन्हें लोकप्रिय सरकार को विफल दिखाना है।

केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का आरोप है कि कि उन्हें अपने पति से नहीं मिलने दिया जा रहा है। वहीं केंद्र सरकार ने उपराज्यपाल के आवास पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है, और इस बीच आम आदमी पार्टी(आप) ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के चार दिवसीय धरने को समाप्त कराने के लिए कदम उठाए हैं। जबकि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अपना अनशन और तीव्र करने की धमकी दी है।

ये भी पढ़ें - यहां पकौडे और चटनी के नाम रामायण के किरदारों पर