चंडीगढ़ । हरियाणा सरकार ने राज्य काडर के 500 से अधिक कॉडर पदों वाले सभी विभागों के लिए एक पारदर्शी स्थानांतरण नीति तैयार करने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त, सरकार ने सभी विभागों को एचआरएमएस में सेवा रिकोर्डों का अद्यतन करने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, सभी मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और एसडीओ (सिविल) और बोर्डों/निगमों/राज्य में सार्वजनिक उपक्रमों के मुख्य प्रशासकों एवं प्रबंध निदेशकों को सम्बोधित एक पत्र में उन्हें एचआरएमएस में सेवा रिकॉर्ड का अद्यतन करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार के नोटिस में आया है कि कई मामलों में, घटनाओं के अनुसार एचआरएमएस में सेवा रिकॉर्ड अपडेट नहीं किए जा रहे हैं और प्रविष्टियों को एक साथ विलय किया जा रहा है। उदाहरण के तौर पर एक कर्मचारी सेवा के 10 साल में छ: स्टेशनों पर तैनात रहा लेकिन संबंधित डीडीओ एचआरएमएस में उसके पोस्टिंग रिकॉर्ड दर्ज करते समय सभी छ: स्टेशनों की प्रविष्टियां करने की बजाए कर्मचारी का केवल एक स्टेशन अर्थात अंतिम स्टेशन भी दर्शाता है। जिसके कारण कर्मचारियों की सेवा को सही तरीके से सत्यापित करना संभव नहीं है।
अत: उनसे अनुरोध किया गया है कि वे अपने विभाग के प्रत्येक कर्मचारी के सेवा रिकॉर्ड डेटा को अपडेट करें ताकि सभी विभागों की ऑनलाइन स्थानांतरण नीति प्रभावी हो सके।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे