बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल के दूसरे दिन निकाली रैली, किया प्रदर्शन

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 31 मई 2018, 11:26 PM (IST)

भरतपुर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर गुरुवार को दूसरे दिन सुबह 10 बजे पीएनबी के सुपर बाजार, भरतपुर स्थित मंडल कार्यालय के सामने हड़ताल की गई। सरकार की दमनकारी नीतियों के विरोध में बाइक रैली निकालकर लक्ष्मण मंदिर पर धरना एवं प्रदर्शन किया गया। इस रैली में सभी सरकारी बैंकों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। रैली में करीबन 500 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। दो दिन की हड़ताल से बैंकों में कामकाज ठप रहा। इससे ग्राहक भी परेशान हुए। दो दिन की हड़ताल के कारण क्लीयरिंग हाउस बंद रहा, जिससे लगभग 500 करोड़ रुपए का व्यापार प्रभावित हुआ।
मंडल सचिव सुनील दत्त शर्मा, एआईपीएनबीइयू के सचिव सतीश अग्रवाल ने बताया कि रैली का आयोजन यूएफबीयू के बैनर तले सुपर बाजार बिजली घर चौराहा से लक्ष्मण मन्दिर चौक तक किया गया। रैली के दौरान आमजन, व्यापारी वर्ग एवं प्रशासन का पूर्ण सहयोग मिला। यह हड़ताल भारत सरकार, वित्त मंत्रालय एवं आईबीए की श्रम विरोधी नीतियों तथा सम्मानजनक वेतन समझौता नहीं देने के विरोध में की गई। रैली के दौरान भारत सरकार एवं आईबीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। अंत में रैली, आमसभा के रूप परिवर्तित हो गई।
आम सभा के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि हमारा संघर्ष सरकार की बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों विरोधी नीतियों के खिलाफ है। रैली को एनआईपीएनबीओ के मंडल सचिव सुनील दत्त शर्मा, एआईपीएनबीइयू के सचिव सतीश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश तनेजा, आरपीबीइयू के एजीएस ओपी जैन, बीओबी से वेद प्रकाश राना, केनरा बैंक से अजय सिंह, एनसीइबी से विशाल सिंह, एसबीआईओए से गोपाल सिंह, धौलपुर से आए देवेन्द्र पाठक एवं अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे