मेक्सिको सिटी। मेक्सिको में एक महिला पत्रकार के अपने घर में ही मृत अवस्था में पाए जाने के बाद यहां एक और पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच शुरू हो गई है। ‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि ‘डेली एक्सेलसर’ के संवाददाता हेक्टर गोजांलेज की मंगलवार को तमौलीपस में हत्या कर दी गई। हत्यारे की तलाश और हत्या के पीछे का कारण जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
इससे पहले 24 मई को एलिसिया डियाज (52) न्यूवो लियोन स्थित अपने घर में मृत पाई गई थीं। उनके सिर पर चोट के निशान थे। एक प्रेस स्वतंत्रता संगठन के अनुसार, 2012 में मैक्सिकी राष्ट्रपति एनरिक पीना नीटो प्रशासन की शुरुआत के बाद से करीब 42 पत्रकारों की हत्या हो चुकी है, जबकि पत्रकारों के खिलाफ लगभग 2,000 हमले दर्ज किए गए हैं।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे