प्रत्यूषा प्रकरण : राहुल राजसिंह को कोर्ट ने दी अग्रिम जमानत

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 25 अप्रैल 2016, 6:52 PM (IST)

मुंबई। आत्महत्या कर चुकी टीवी अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी आत्महत्या मामले में राहुल राज सिंह को बॉम्बे हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत दे दी। इससे पहले अदालत ने दोनों पक्षों की दलील को सुना।
दोनों पक्षों की तरफ से इस कॉल को लेकर अलग अलग दावे किए गए थे। सरकारी वकील का कहना है कि, ‘‘प्रत्युषा ने इस कॉल के दौरान राहुल को कहा था कि वह खुदकुशी करने जा रही है। तुम तुरंत घर आ जाओ। लेकिन राहुल ने आने से मना कर दिया। इससे यह साफ है कि राहुल किस हद तक प्रत्युषा को तकलीफ दिया करता था।’’ लेकिन राहुल के वकील आभात फोंडा का कहना है कि, ‘‘प्रत्युषा ने उस वक्त काफी शराब पी रही थी, और वह पूरी तरह नशे की हालत में थी। राहुल ने उससे बात भी की थी। लेकिन वह समझने की हालत में नहीं थी। यह आखरी कॉल 201 सेकेन्ड का है।’’ अदालत की मांग पर मुंबई पुलिस ने इस कॉल की डीवीडी कोर्ट में पेश की है।

आज की सुनवाई के दौरान विशेष सरकारी वकील निलेश पावसकर ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि, ‘‘राहुल राज सिंह एक ड्रग एडिक्ट है और क्या वह ड्रग्स का धंधा भी करता है? क्या उसने प्रत्युषा को भी ड्रग्स की लत लगाई थी? इसकी जांच हमें करनी है। और भी कई गवाहों के बयानों से यह बात सामने आई है।’’ साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि राहुल ने प्रत्युषा से कई झूठ बोले थे, जैसे कि गांव में उसकी करीब 150 एकड़ जमीन है, उसका श्रीलंका में एक कैसिनो है, उसकी माँ किसी राजनीतिक पार्टी में सक्रिय हैं।

साथ ही साथ यह दावा भी किया गया कि हादसे के वक्त भी राहुल नशे की हालत में था। बिल्डिंग में पहुंचने के बाद उसने चाबी खो जाने का बहाना किया। उसके बाद अपने किसी दोस्त के जरिए चाबी वाले को बुलाया, उसके आने के बाद पड़ोसियों को बताया कि बगल के फ्लैट की बाल्कनी से होते हुए प्रत्युषा के फ्लैट में दाखिल हो सकते हैं। प्रत्युषा को लेकर जाते वक्त बार बार राहुल उसे माउथ टू माउथ ब्रिथिंग देने की कोशिश कर रहा था। लेकिन नजदीकी अस्पताल में भर्ती करने के बजाए राहुल उसे दूर के अस्पताल में ले गया और भर्ती करा कर वहां से भाग गया।