‘जब सरकार थी तब ध्यान नहीं दिया, आज धरना-प्रदर्शन कर ढोंग रच रही है कांग्रेस’

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 21 मई 2018, 8:39 PM (IST)

जयपुर। कांग्रेस के कार्यकाल में आलू, प्याज, चीनी, पेट्रोल-डीजल ने जनता की कमर तोड़ रखी थी। सब्जियां भी महंगाई दर के चरम पर थीं। गरीबों को राशन, बुजुर्गों को पेंशन के लिए दर-दर भटकना पड़ता था और आज कांग्रेस धरना-प्रदर्शन कर ढोंग रच रही है, जबकि जनता जानती है कि कांग्रेस सरकार ने दस साल लगातार देश में राज कर पेट्रोल-डीजल, महंगाई पर नियंत्रण की कोई पॉलिसी ही नहीं बनाई। यह बात भाजपा प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख आनंद शर्मा एवं प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख पिंकेश पोरवाल ने संयुक्त बयान जारी कर कही।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल सितंबर 2013 में भी 76.06 रुपए था और चार साल बाद आज भी पेट्रोल 76.24 रुपए ही है। कांग्रेस यह भी तय नहीं कर पा रही है कि पेट्रोलियम पदार्थों के विक्रय मूल्य की गणना अंतरराष्ट्रीय बाजार से तय होती है। पेट्रोलियम पदार्थों के संबंध में कोई ठोस नीति कांग्रेस सरकार नहीं ला पाई, जबकि भाजपा की सरकार ने महंगाई पर निश्चित रूप से नियंत्रण किया और पेट्रोलियम पदार्थों के लिए ठोस नीति बनाकर पेट्रोल के दाम में कमी पर नियंत्रण की नीतियां बनाई हैं। केन्द्र सरकार की कोशिश है कि पेट्रोल-डीजल और केरोसिन को भी जीएसटी के तहत किया जाए और उम्मीद है जीएसटी परिषद में जल्द ही इस पर सहमति बनेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे