दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी, हरियाणा में बिजली गुल

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 17 मई 2018, 08:26 AM (IST)

नई दिल्ली। उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। गुरुवार शाम दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा में अचानक तेज हवा और आंधी आई। हरियाणा के झज्जर में तेज आंधी के साथ बारिश भी आ रही है, कई जगह पर पेड़ भी गिरे हैं। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि अगले तीन से चार घंटे में दिल्ली समेत एनसीआर में मौसम और भी बदल सकता है।


शाम 6.45 बजे गुरुग्राम में भी मौसम ने तेजी से करवट बदली है। अचानक तेज धूल भरी आंधी चलनी शुरू हो गई है। पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली में तेज धूल भरी आंधी चली। इसके बाद नोएडा में भी मौसम बिगड़ा, तेज हवाएं चलना शुरू हो गई। हरियाणा के झज्जर में तेज बारिश और आंधी, कई जगह पेड़ गिरे हैं। कुछ स्थानों पर बिजली भी गुल हो गई और खंभे भी गिर गए हैं।

देश में अगले 72 घंटे में दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में फिर से आंधी के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। सुबह जारी किए गए चेतावनी बुलेटिन में कहा गया है कि जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में 50 से 70 किलोमीटर की गति से हवाएं चलने तथा गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार देर रात धूल भरी आंधी आने के बाद भारतीय मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में कल भी आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में आई आंधी में 18 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे