कोटा में महिलाओं के लिए पिंक ऑटो, ड्राइवर भी महिलाएं होंगी

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 15 मई 2018, 12:13 PM (IST)

कोटा। कोटा में महिलाओं के लिए पिंक ऑटो चलाए जाएंगे। ये पहल नगर निगम ने की है। ऑटो महिलाएं ही चलाएंगी। निगम आयुक्त डाॅ. विक्रम जिंदल ने बताया कि ऑटो खरीदने के लिए महिलाओं को शहरी आजीविका मिशन के तहत बैंक से लोन दिलाया जाएगा।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए इस ऑटो में जीपीएस सिस्टम रहेगा, जिससे इनकी लोकेशन पता चलती रहेगी। इसकी निगरानी की जिम्मेदारी नगर निगम के पास होगी। हर माह मीटिंग में पिंक ऑटो की संचालन में आने वाली दिक्कतों व शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। डे-एनयूएलएम की अध्यक्ष रेखा लखेरा ने बताया कि शुरुआत में 11 महिलाओं को लोन दिलाया जाएगा।

कोटा ऑटो यूनियन के अध्यक्ष अनीस राईन व सचिव भूपेन्द्र सक्सेना ने बताया कि यूनियन की ओर से महिलाओं को रोज 3 घंटे आरटीओ मैदान में ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके साथ ही महिला ड्राइवर को फर्स्ट एड की ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है। पिंक ऑटो से दुर्घटना में घायल महिलाओं का प्राथमिक उपचार कर नजदीकी हॉस्पिटल भी पहुंचाया जाएगा। बैंक आॅफ बड़ौदा केशवपुरा के प्रबंधक प्रहलाद मीणा ने बताया कि जल्द ही 11 महिलाओं को 26 लाख का ऋण दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे