जल ही जीवन : 70 साल के वृद्ध ने 18 महीनों में खोद डाला 33 फीट का कुआं

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 14 मई 2018, 7:00 PM (IST)

छतरपुर। किसी कार्य को करने की लगन और धुन में इंसान इतना खो जाता है कि उसे पता ही नहीं चलता है कि उसके अथक परिश्रम ने आखिर क्या से क्या कर डाला। बिहार में दशरथ मांझी ने पहाड़ तोडक़र रास्ता बनाया था। वहीं अब मध्य प्रदेश के सीताराम लोढी ने जो किया है उसे जानकार आप हैरान रह जाएंगे कि क्या कोई व्यक्ति ऐसा भी कर सकता है। उन्होंने सूखी जमीन पर अकेले कुआं खोद डाला। 70 साल के सीताराम ने 18 महीने तक बेजोड़ मेहनत कर 33 फीट का कुआं खोद पानी निकाल दिया।


बुंदेलखंड क्षेत्र के छतरपुर जिले में सीताराम ने परिवार के विरोध के बावजूद ऐसा काम ठान लिया। उन्होंने 2015 में कुआं खोदना शुरू किया और 2017 में काम पूरा कर लिया। हालांकि, सरकारी मदद के बिना उनकी सारी मेहनत बेकार हो गई जब बिना प्लास्टर कुआं बरसात के पानी में ढह गया।


इसके बावजूद सीताराम एक बार फिर तैयार हैं कुएं को नए सिरे से खोदने के लिए। अविवाहित सीताराम अपने भाई के साथ रहते हैं जिनके पास 20 एकड़ जमीन है। उनके पास पानी का इंतजाम करने के लिए पैसे नहीं थे। यह देख सीताराम ने कुआं खोदने का फैसला किया। उनके परिवार ने उन्हें समझाया कि जब तक यह विश्वास न हो कि पानी निकलेगा ही, उन्हें यह काम नहीं ठान लेना चाहिए लेकिन वह तय कर चुके थे। आखिरकार उन्होंने कुआं खोदकर पानी निकाला लेकिन बरसात के साथ ही कुआं ढह गया।

सीताराम का कहना है कि वह दोबारा कुआं खोद सकते हैं अगर सरकार से उसे प्लास्टर कराने के लिए मदद मिल जाए। उधर, लवकुश नगर के जनपद पंचायत सीईओ आरके शर्मा ने बताया कि उन्हें नहीं पता सीताराम ने कपिल धारा योजना के तहत कुएं के लिए आवेदन दिया था या नहीं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत कुआं खोदने के लिए 1.8 लाख रुपये सरकार की ओर से खर्च किए जाएंगे।

हालांकि, ऐसी कोई स्कीम नहीं जिसके तहत खुद कुआं खोदने वाले व्यक्ति को मदद दी जाए।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे