इलाहाबाद में दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, वकीलों ने निकाला जुलूस

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 10 मई 2018, 7:38 PM (IST)

इलाहाबाद। इलाहाबाद के मनमोहन पार्क के पास गुरुवार को वकील राजेश कुमार श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वह अपनी बाइक से कोर्ट जा रहे थे। रास्ते में बाइकसवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। इस वारदात के बाद गुस्साए वकीलों ने जमकर हंगामा किया है। इलाहाबाद में वकील की हत्या की खबर सुनते ही बनारस के अधिवक्ता भी आक्रोशित हो गए।
बनारस बार के सभागार में इकठ्ठा होकर जुलूस की शक्ल में गेट नंबर तीन पर पहुंचे। वहां से जिला जज की पोर्टिको में पहुंचकर सभा की। जुलूस का नेतृत्व बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय कर रहे थे।
उन्होंने 24 घंटे के अंदर हमालवरों की गिरफ्तारी, परिजनों को पचास लाख रुपए की आर्थिक मदद और एक सदस्य को तत्काल नौकरी देने की मांग की है। उनके साथ विनोद शुक्ला, प्रशांत मिश्रा, सुजीत यादव, अखिलेश यादव, राजकुमार तिवारी, अजय बरनवाल,सहित कई अधिवक्ता थे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वकील के परिजनों को 20 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर कार्रवाई कर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए हैं।
बता दें कि इलाहाबाद के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में वकील की हत्या के बाद हालात बिगड़ गए। वकीलों ने शव सडक़ पर रखकर जाम लगा दिया। इतना ही नहीं कई क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं को भी अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे