कोटा। जिला कलेक्टर गौरव गोयल की अध्यक्षता में जिले में चल रहे विकास कार्यो एवं प्रस्तावित कार्याे की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया वे अपने अपने विभागों से संबंधित चल रहे विकास कार्यो को टीम भावना के रूप में कार्य कर पूरी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करें ताकि समय रहते विकास कार्यो की उपयोगिता सिद्ध हो सके। उन्होंने ताकली बांध, मण्डाना -बोराबास पेयजल योजना, रंगपुर ओवर ब्रिज, मुख्यमंत्री जन आवास योजना, अर्फोडेबल हाउसिंग, गेता -माखीदा उच्च स्तरीय पुल जैसे चल रहे विकास कार्यो की अब तक की प्रगति के बारे में अधिकारियों से विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
जिला कलक्टर ने रंगपुर ओवर ब्रिज, कोटा-बूंदी रोड फोर लेन, स्मार्ट सिटी, ग्रामीण हाट, यूआईटी पार्क, अभेडा बायलोजिकल पार्क, भामाशाहमंडी, दरा एलीवेटेड रोड, सावनभादो परियोजना, कोटा शहर को आवारा पशुओं से निजात मिले इसके लिए गौशाला की व्यवस्था, ओपर जिम निर्माण, दादाबाडी एलीवेटेड रोड, मुख्यमंत्री जन आवास योजना, दशहरा मैदान विकास, आजादपुरा(सांगोद) उच्च स्तरीय पुल, मेडिकल कॉलेज, सीएडी की नहरों के सुदृढीकरण, गैस पाईप लाइन, भदाना अफोर्डेबल आवास आदि विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिये।
उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मण्डाना-बोराबास पेयजल योजना का कार्य लक्ष्य निर्धारित करते हुए आगामी 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिये, ताकि ग्रामीण अंचल के नागरिकों को समय रहते शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। नगर विकास न्यास के अधिकारियों को भी रंगपुर ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य को अगस्त माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने बारां रोड एवं बूंदी रोड पर शेष रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य अतिशीघ्र प्रांरभ करने के निर्देश दिये।
उन्होंने स्मार्ट सिटी से जुडे नगर निगम एवं यूआईटी के अधिकारियों को शहर में प्रस्तावित स्पोर्टस काम्पलेक्स के निर्माण के प्रथम फेज के निर्माण कार्यो को शीघ्र पूरा कर बाकी रहे शेष कार्यो की डीपीआर तैयार कर शीघ्र कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिये। शहर में बन्दरों के आंतक को कम करने के लिए उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से जानकारी चाही जिस पर निगम के अधिकारियों ने बताया कि बंदर पकडने के लिए विशेषज्ञों को लेकर निविदा जारी की जा चुकी है और उसके वर्क आर्डर भी जारी हो चुके हैं।
मथुरा के विशेषज्ञ कोटा आकर शीघ्र अभियान के रूप में बन्दरों को पकडने का कार्य करेंगे। बैठक में अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन श्रीमती सुनीता डागा, नगर विकास न्यास के सचिव आंनदी लाल वैष्णव, सहित जलदाय, सानिवि, एनएचआई तथा तकनीकी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे