राजस्थान में अंधड़ का तांडव, 35 की मौत, यूपी के 2 लोग शामिल, 205 घायल

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 03 मई 2018, 5:06 PM (IST)

जयपुर। राजस्थान के कई इलाकों में बुधवार दोपहर बाद अचानक अंधड़ ने तांडव मचा दिया। अंधड़ में कई लोगों की मौत हो गई। अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ धूल के गुबार उड़ने लगे। अंधड़ ने राजस्थान में 35 लोगों की जान ले ली। राजस्थान में 205 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा 17 मौतें भरतपुर में हुईं। धौलपुर में 9 और अलवर में 9 लोगों की मौत हो गई। धौलपुर में मरने वालों में दो लोग यूपी के हैं। उधर, धौलपुर में तीन गांवों में आग लग गई। इससे कई कच्चे घर जल गए।

मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए सहायता राशि जारी
भाजपा प्रदेश मुख्यालय जयपुर मेें गुरुवार को गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राजस्थान के तीन जिलों में हताहतों के बारे में जानकारी दी। कटारिया ने बताया कि अंधड़ से भरतपुर में 17, अलवर में 9, धौलपुर में 9 लोगों की मौत हुई है। इस आपदा में 205 लोग घायल हुए हैं। सरकार ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। सरकार ने तुरंत मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता के लिए सहायता राशि जारी कर दी है। सुबह सवा 11 बजे ही भरतपुर के लिए 1 करोड़, अलवर के लिए 65 लाख और धौलपुर के लिए 85 हजार की राशि संबंधित जिलों के कलेक्टर के पास ट्रांसफर कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने ली जानकारी
उधर, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने नुकसान की जानकारी ली है। साथ ही संबंधित अधिकारियों तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। जयपुर डिस्कॉम में भी बिजली संबंधी 3500 से ज्यादा शिकायतें पहुंची। डिस्कॉम ने भी बिजली व्यस्था सुधारने का काम कर दिया। आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट है। भरतपुर संभाग में NDRF और सिविल डिफेंस अलर्ट है।



ये भी पढ़ें -
अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे