चीनी राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी, वुहान के बांधों की तारीफ में गढ़े कसीदे

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 27 अप्रैल 2018, 1:35 PM (IST)

वुहान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच शुक्रवार को चीनी शहर वुहान में दो दिवसीय अनौपचारिक वार्ता की शुरू हो गई। मोदी चीन के समयानुसार दोपहर करीब 3.30 बजे हुबेई प्रांतीय संग्रहालय पहुंचे और 30 सेकेंड तक बड़ी ही गर्मजोशी से शी जिनपिंग से हाथ मिलाया। पीएम मोदी और शी ने हुबेई म्यूजियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखा। आपको बता दें कि पीएम मोदी और शी 48 घंटे के दौरान 6 बार मुलाकात करने वाले है। शी से पहली मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने वुहान शहर में बनाए गए तीन बांधों की सराहना करते हुए कहा कि जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब इनके बारे में सुना था। आपने जिस पैमाने पर और जिस गति के साथ इन्हें बनाया है, उसने मुझे प्रभावित किया। इसलिए मैं स्टडी टूर पर आया हूं और एक दिन डैम पर बिताने का फैसला लिया।

पीएम मोदी ने शी से कहा, भारत और चीन दोनों की संस्कृतियों का संबंध नदियों से हैं। यदि हम हड़प्पा और मोहनजोदड़ो की प्राचीन सभ्यता की बात करें तो ये नदियों के किनारे पर ही बसी थीं। शी और मोदी शाम छह बजे एक और बैठक में हिस्सा लेंगे। इस दौरान दोनों पक्षों का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहेगा। इसके बाद शी जिनपिंग की मेजबानी में रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा। वार्ता के दूसरे दिन शनिवार को दोनों नेता ईस्ट लेक जाएंगे और नौका की सवारी करेंगे। इस दौरान ईस्ट लेक गेस्टहाउस में दोनों के बीच चर्चा भी होगी। भारत और चीन के बीच 1962 का युद्ध हुआ था और इस तरह दोनों देशों के बीच आपसी अविश्वास का लंबा-चौड़ा इतिहास रहा है। साल 2017 में डोकलाम विवाद को लेकर दोनों देशों के बीच हालात बहुत बिगड़ गए थे। हालांकि, चीन के वुहान शहर में मोदी और जिनपिंग के बीच यह अपनी तरह की अनोखी मुलाकात है, जो द्विपक्षीय संबंधों की नई शुरुआत का संकेत है।




ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे