मिशन-2019: राहुल गांधी आज से करेंगे ‘संविधान बचाओ’ अभियान की शुरूआत

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 23 अप्रैल 2018, 08:44 AM (IST)

नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव और इसी साल कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। कठुआ और उन्नाव कांड के बाद लोगों की आई प्रतिक्रिया और हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के जजों के बीच मतभेद को भी कांग्रेस मुद्दा बनाना चाहती है। इसी कड़ी में उसने प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव भी सौंपा है। हालांकि इस कांग्रेस के अंदर ही मतभेद है और कई विपक्षी दल साथ नहीं आए हैं। इसी बीच राहुल गांधी आज सुबह साढ़े दस बजे दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में सेव द कांस्टीट्यूशन (संविधान बचाओ) नाम से एक अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी की योजना के मुताबिक ये अभियान पूरे देश में अगले एक साल तक चलाया जाएगा। इसका मकसद मोदी सरकार को दलितों के हितों का विरोधी बता कर दलितों के बीच कांग्रेस की पैठ बढ़ाने का है। इसमें कांग्रेस का ज़ोर ये बताने का रहेगा कि ख़ासतौर पर दलितों के हकों को लेकर किस तरह से संविधान पर चोट की जा रही है। पंचायत और स्थानीय निकाय और जि़ला स्तर के पार्टी पदाधिकारियों के साथ-साथ कई कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस के वर्तमान एवं पूर्व सांसद,जिला परिषदों, नगरपालिकाओं और पंचायत समितियों में पार्टी के दलित समुदायों के प्रतिनिधि और पार्टी की स्थानीय इकाइयों के पदाधिकारी भी इसमें भाग लेंगे।

इसके अलावा पार्टी के महिला और युवा सेवादल की भी सक्रिय भागीदारी होगी। इसकी शुरुआत के मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खडग़े और सुशील कुमार शिंदे आदि भी शामिल हो सकते हैं। इस अभियान की शुरुआत में भाग लेने वाले तमाम कांग्रेसियों को अपने-अपने इलाक़े में जाकर ये संदेश फैलाने की जि़म्मेदारी दी जाएगी कि किस तरह से कांग्रेस उनके हक़ों के लिए लड़ रही है। इसके लिए यह अभियान अलग-अलग राज्यों में भी चलाया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे