‘पंजाब सरकार ने ‘आशीर्वाद’ स्कीम के तहत जारी किए 112.78 करोड़’

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 22 अप्रैल 2018, 4:45 PM (IST)

चंडीगढ़। पंजाब सरकार की तरफ से राज्य के अनुसूचित जातियों/पिछड़ी श्रेणियों के परिवारों की लड़कियों के विवाह के अवसर पर ‘आशीर्वाद’ स्कीम के अंतर्गत दिए जाने वाले शगुन की 112.78 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी गई है।

यह खुलासा करते हुए पंजाब कल्याण मंत्री स. साधु सिंह धर्मसोत ने बताया कि राज्य सरकार ने स्कीम के अंतर्गत कुल 65377 लाभार्थियों की दिसंबर 2016 से जून 2017 तक की राशि 15 हजार रुपए और जुलाई से दिसंबर 2017 तक की राशि 21 हजार रुपए प्रति लाभार्थी के हिसाब से जारी की है। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद’ स्कीम के अंतर्गत वर्ष 2018 के लाभार्थीयों की राशि भी जल्द जारी कर दी जाएगी।

कल्याण मंत्री ने बताया कि ‘आशीर्वाद’ स्कीम के अंतर्गत जि़ला अमृतसर की 6676 एस.सी. /बी.सी. लड़कियों के लिए 11.44 करोड़ रुपए, बरनाला की 1185 लड़कियों के लिए 2.7 करोड़ रुपए, बठिंडा की 2664 लड़कियों के लिए 4.59 करोड़ रुपए, फरीदकोट की 1188 लड़कियों के लिए 2.8 करोड़ रुपए, फतेहगढ़ साहिब की 1556 लड़कियों के लिए 2.71 करोड़ रुपए, फाजिल्का की 3785 लड़कियों के लिए 6.46 करोड़ रुपए, फिरोजपुर की 2541 लड़कियों के लिए 4.39 करोड़ रुपए, गुरदासपुर की 4748 लड़कियों के लिए 8.32 करोड़ रुपए, होशियारपुर की 3746 लड़कियों के लिए 6.47 करोड़ रुपए, जालंधर की 4019 लड़कियों के लिए 6.83 करोड़ रुपए, कपूरथला की 1828 लड़कियों के लिए 3.13 करोड़ रुपए, लुधियाना की 5526 लड़कियों के लिए 9.48 करोड़ रुपए, मानसा की 2360 लड़कियों के लिए 4.5 करोड़ रुपए, मोगा की 1986 लड़कियों के लिए 3.47 करोड़ रुपए, श्री मुक्तसर साहिब की 2450 लड़कियों के लिए 4.24 करोड़ रुपए, पठानकोट की 2066 लड़कियों के लिए 3.63 करोड़ रुपए, पटियाला की 3804 लड़कियों के लिए 6.36 करोड़ रुपए, रूपनगर की 1833 लड़कियों के लिए 3.24 करोड़ रुपए, एस.ए.एस. नगर (मोहाली) की 1452 लड़कियों के लिए 2.52 करोड़ रुपए, एस.बी.एस. नगर (नवांशहर) की 1743 लड़कियों के लिए 2.97 करोड़ रुपए, संगरूर की 3695 लड़कियों के लिए 6.46 करोड़ रुपए और तरनतारन की 4526 लड़कियों के लिए 7.76 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।

स. धर्मसोत ने आगे बताया कि कैप्टन अमरिन्दर सिंह के नेतृत्व वाली राज्य सरकार अपना हर चुनावी वादा पूरा करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि कल्याण स्कीमों को पूरी पारदर्शिता के साथ लागू किए जाने के साथ-साथ इनका लाभ असल लाभार्थियों को देना भी यकीनी बनाया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे