अजमेर जेल में कैदी की हत्या

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 19 अप्रैल 2018, 9:09 PM (IST)

अजमेर। शहर की सबसे सुरक्षित सेंट्रल जेल में गुरुवार सवेरे कैदी ने दूसरे कैदी पर हमला करके उसकी हत्या कर दी। कैदी के हमले से घायल पन्नालाल मीणा को तत्काल जवाहर लाल नेहरू अस्पताल ले जाया गया जहां चिकिकत्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार पन्नालाल मीणा हत्या के मुकदमे में जेल में बंद चल रहा था। इसी जेल में अनवर रमजानी नाम का बंदी भी हत्या के केस में बंद था। दोनों क्रमशं 1998 और 2009 से जेल में बंद थे। गुरुवार तड़के करीब चार बजे अनवर ने जेल परिसर में ही किसी धारदार वस्तु से पन्नालाल मीणा पर हमला कर मार डाला। हत्या की खबर फैलते ही जेल प्रशासन और वहां मौजूद बंदियों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आनन फानन में जेल अधीक्षक संजय यादव और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आरोपी अनवर को अलग बैरक में बंद कर दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे